प्रसिद्ध मानवाधिकार कार्यकर्ता स्टैन स्वामी का निधन, लोगों ने उठाये सवाल

 

मुंबई : रांची के रहने वाले देश के प्रसिद्ध मानवाधिकार कार्यकर्ता फादर स्टैन स्वामी का 84 साल की उम्र में सोमवार की दोपहर मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया। स्टैन स्वामी 15 अन्य लोगों के साथ भीमा कोरेगांव-एल्गार मामले के आरोपी थे और उन्हें एनआइए ने इस मामले में गिरफ्तार किया था। पिछले ही महीने से उनका मुंबई के होली फैमिली अस्पताल में आइसीयू वार्ड में इलाज चल रहा था और रविवार की सुबह उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया, जिसके बाद आज उनका निधन हो गया।

उनके निधन के बाद एक बार फिर लोग व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। स्टैन स्वामी के स्वास्थ्य को लेकर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने भी महाराष्ट्र सरकार को नोटिस जारी करते हुए चिंता प्रकट की थी।

स्टैन स्वामी को यूएपीए के तहत गिरफ्तार किया गया था और उन्होंने अदालत में इसे चुनौती दी थी। उनकी याचिका में कहा गया था कि यह कानून आरोपी व्यक्ति की जीवन की स्वतंत्रता के मूल अधिकार का हनन करता है।

ट्राइबल आर्मी के संस्थापक हंसराज मीणा ने ट्विटर पर लिखा – भीमा कोरोगांव मामले में जबर्दस्ती जेल में बंद करके आरोपी बनाए गए आदिवासी सामाजिक कार्यकर्ता फादर स्टेन स्वामी का निधन हो गया। हजारों बार रिहाई की मांग करने के बाबजूद निष्ठुर मोदी सरकार ने हमारी एक नहीं सुनी।


सामाजिक कार्यकर्ता इप्शा सताक्षी ने स्टैन स्वामी के निधन पर सवाल उठाते हुए ट्विटर पर लिखा – आखिर इस हत्यारी व्यवस्था ने हमारे साथी को हमसे छिन ही लिया…स्टैन स्वामी सशरीर हमारे बीच न रहें, उनके काम, उनके विचार हमेशा ही रहेंगे।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More