लोकसभा में चुनाव सुधार से जुड़ा बिल हुआ पास, वोटर कार्ड को आधार कार्ड से जोड़ने की बात

नयी दिल्ली : चुनाव से संबंधित एक महत्वपूर्ण विधेयक सोमवार को लोकसभा में पारित हो गया। इस बिल में सबसे अहम बिंदु वोटर कार्ड को आधार नंबर से जोड़ना है। विधेयक में कहा गया है कि मतदाता सूची में दोहराव और फर्जी मतदान रोकने के लिए वोटर कार्ड और सूची को आधार कार्ड से जोड़ा जाएगा। माना जा रहा है कि ऐसा करने से एक व्यक्ति के अलग-अलग पतों पर एक से अधिक वोटर कार्ड बनवाने पर रोक लग जाएगी। हालांकि विपक्ष ने इस बिल पर सवाल उठाए हैं।

राज्यसभा में विपक्ष के मल्लिकार्जुन खडगे ने कहा कि चुनाव कानून में सुधार का बिल संसद की स्थायी समिति को विचार के लिए भेजा जाए। उन्होंने कहा कि वोटर कार्ड को आधार से जोड़ने के प्रस्ताव को सरकार को सभी स्टेकहोल्डर से बातचीत कर आगे बढाना चाहिए।

वहीं, लोकसभा में विपक्ष के नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा है कि इस बिल में कई खामियां हैं। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों से इसको लेकर सुझाव लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि, इतनी हड़बड़ी किस बात की है। आज ही बिल लाना और आज ही इसे पारित करना। इस जल्दबाज़ी से लगता है कि सरकार के इरादे ठीक नहीं हैं। उत्तर प्रदेश चुनाव में इस बिल का ग़लत तरीके से इस्तेमाल किया जाएगा।


वहीं, केंद्रीय मंत्री किरण रिजेजू ने कहा है, आधार कार्ड को वोटर लिस्ट के साथ जोड़ना अनिवार्य नहीं है। ये स्वैच्छिक है। ये वैकल्पिक है। इससे एड्रेस पता करने में मदद होगी, फर्ज़ी वोटिंग को रोकने में मदद होगी। उन्होंने कहा कि, चुनाव सुधार की दृष्टि से ये बहुत ही महत्वपूर्ण बिल है। अभी की प्रणाली में अगर 2 जनवरी तक आपका नाम सूची में नहीं आया तो आपको 1 साल इंतजार करना पड़ता था। अब इसके लिए साल में 4 बार विंडो खुलेगी।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More