महाराष्ट्र में शिवसेना के तेवर पड़े नरम, कहा – भाजपा बड़ी पार्टी वह बनाये सरकार

शरद पवार के एक बयान ने साफ कर दी राजनीतिक तसवीर
मुंबई : महाराष्ट्र में करीब दो सप्ताह से सरकार गठन को लेकर चला आ रहा सस्पेंस आज खत्म हो गया. शिवसेना नेता संजय राउत ने आज कहा कि भारतीय जनता पार्टी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है, वह सरकार गठन के लिए पहल करे. उन्होंने कहा कि हमने आज राज्यपाल से भेंट की है, रिपब्लिक पार्टी आॅफ इंडिया के रामदास अठावले भी आज गवर्नर से मिले हैं, हमने अपनी बात कही है.
उधर, भाजपा नेता सुधीर मुनगंटीवार ने भी कहा है कि महाराष्ट्र में 100 प्रतिशत भाजपा-शिवसेना गठबंधन की सरकार बनेगी. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी कल गवर्नर से मुलाकात करेगी. संभावना है कि कल मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस गवर्नर से भेंट कर दोबारा सरकार गठन की दावेदारी करेंगे और समर्थक विधायकों की सूची सौपेंगे.
मालूम हो कि भाजपा-शिवसेना गठबंधन महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में विजेता बन कर सामने आयी, लेकिन शिवसेना के मुख्यमंत्री पद के आधे-आधे कार्यकाल के लिए बंटवारे की जिद के कारण सरकार गठन का मामला फंस गया. शिवसेना ने एनसीपी से सहयोग की उम्मीद पाल रखा था और शिवसेना नेता संजय राउत ने इसके लिए शरद पवार से भी मुलाकात की थी. पर, एनसीपी प्रमुख ने अपने एक बयान से पूरी बिसात बदल दी.
एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने संजय राउत से मुलाकात के कुछ देर बाद आज कहा कि वे चार बार मुख्यमंत्री रहे हैं और उन्होंने फिर से यह पद हासिल करने की हड़बड़ी नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव में भाजपा-शिवसेना गठबंधन को बहुमत मिला है, इसलिए उन्हें सरकार बनाना चाहिए. पवार ने आज कहा कि हम जिम्मेवार विपक्ष की भूमिका निभाएंगे और हमें इसके लिए ही जनादेश मिला है.
पवार के आज सवेरे आए इस बयान के बाद राज्य की राजनीतिक फिजा पर छाये बादल छंट गये और भाजपा के नेतृत्व में सरकार गठन का रास्ता लगभग साफ हो गया.


