स्वच्छ भारत अभियान: बचे लाभुकों को मिलेगा शौचालय

रामगढ़: उपायुक्त संदीप सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला समाहरणालय में हुई स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत अब तक हुए कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में डीसी ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि वे यह सुनिश्चित करें की 2014 से 2019 तक प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने सभी आवासों में शौचालय का निर्माण हुआ है या नहीं। जहां पर अब तक शौचालय का निर्माण नहीं हुआ है, उसकी सूची तैयार कर डीडीसी कार्यालय में जमा करें।
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता ने डीसी संदीप सिंह को बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के कैच अप राउंड के तहत किए गए सर्वे के अनुसार लगभग 10923 लाभुकों को स्वच्छ भारत अभियान के तहत शौचालय निर्माण का लाभ मिलना है। इस बाबत डीसी ने कहा कि कैच अप राउंड के तहत अगर कोई लाभुक छूट गए हैं, तो उनकी सूची भी प्रखंड विकास पदाधिकारी के पास पंहुच जाए। बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता सहित कई अधिकारी मौजूद थे।


