Palamu News: अनुमंडलीय अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की मासिक समीक्षा, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

पलामू: अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद के सभागार में गुरुवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की मासिक समीक्षा बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता अस्पताल के प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. शशि भूषण ने की। इस दौरान मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीबी नियंत्रण कार्यक्रम सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. शशि भूषण ने स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों के साथ बेहतर व्यवहार करने और उन्हें समय पर आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं के पंजीकरण, प्रसव पूर्व जांच (एएनसी) तथा बच्चों के नियमित टीकाकरण में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में अस्पताल में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को 24 घंटे तत्पर रखने का निर्देश दिया गया। उपाधीक्षक ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कर्तव्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने स्वास्थ्य कार्यक्रमों के निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने और मरीजों को सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
बैठक में प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक (बीपीएम), प्रखंड लेखा प्रबंधक (बीएएम), प्रखंड डाटा प्रबंधक (बीडीएम), विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों की सीएचओ, एएनएम, स्वास्थ्य कर्मी एवं अस्पताल के अन्य कर्मचारी मौजूद थे।


