रांची: दशम फाॅल थानाक्षेत्र के जंगल में शुक्रवार की सुबह पुलिस और माओवादियों की मुठभेड़ हो गई, जिसमें हमारे एसटीएफ के दो जवान वीर गति को प्राप्त हो गए, जबकि क्रई अन्य जवानगोली लगने से घायल हो गए हैं। इन्हें इलाज के लिए राजधानी के मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के फौरन बाद एसएसपी अनीश गुप्ता, डीआइजी एवी होमकर सहित कई अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की बारिकी से जानकारी ले रहे हैं। इधर मृतक जवानों का शव पोस्टमार्टम के लिए रिम्स पहुँच चुका है।
पुलिस को नक्सलियों के रांची- खूंटी जिला के सीमा क्षेत्र में डाकापीढ़ी जंगल सहित निकटवर्ती गांवों में गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके फौरन बाद जगुवार की एक टीम यहां ऑपरेशन हेतु भेज दिया गया। मुठभेड़ के बाबत पलामू, लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के आरक्षी अखिलेश राम ऑन द स्पाॅट जवान शहीद हो गए। जबकि गंभीर रूप से घायल दूसरे जवान रांची सोनाहातु थाना क्षेत्र के चैनपुर गांव के आरक्षी खंजन कुमार महतो की मेडिका अस्पताल में इलाज के दरमियान मौत हो गई। शहीद अखिलेश को 6 व खंजन 3 गोलियां लगी हैं।
घटना के बाद से डाकापीढ़ी जंगल में झारखंड जगुआर सहित अर्धसैनिक बलों द्वारा सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है। एएसपी अमित रेणु इसका नेतृत्व कर रहे हैं। चप्पे-चप्पे पर माओवादियों की तलाशी ली जा रही है। आपको बतादें कि इन क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से महाराजा प्रामाणिक और बोयदा पाहन दस्ता सक्रिय रहा है, जो मुख्य रुप से सड़क निर्माण कर रही कंपनियों से लेवी वसूली के धंधे में जुटा हुआ था। पुलिस की टीम लगातार इनपर चांप चढ़ाने के लिए तत्पर रही हैं।
नक्सलियों को खत्म करके दम लेंगे: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मुठभेड़ में दो जवानों की वीरगति पर गहरी संवेदना प्रकट करते हुए विनम्र श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने कहा कि हमारे जवानों की शहादत को सलाम। सरकार हर पल शहीदों के परिजनों के साथ खड़ी है। उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। सीएम ने कहा कि झारखंड में नक्सलवाद अंतिम सांसें गिन रहा है व हम इसे खत्म करके ही दम लेंगे। घटना के बाद पुलिस महानिदेशक कमलनयन चौबे मुख्यमंत्री रघुवर दास से मिले। उन्होंने दशम में हुई मुठभेड़ की जानकारी सीएम को दी। सीएम ने कहा कि नक्सलियों के खिलाफ सघन अभियान जारी रखें। ज्ञात हो कि गुरुवार को ही मुख्यमंत्री ने सिमडेगा जिला के कोनबीर में नक्सलियों को चेतावनी दी थी कि वे सरेंडर कर दें। हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में शामिल हों, यदि उन्होंने ऐसा नहीं किया, तो उन्हें पाताल से निकालकर मारा जाएगा।
जगुआर हेडक्वार्टर में श्रद्धांजलि
शहीद दोनों जवानों के पार्थिव शरीर को रिम्स से पोस्टमॉर्टम कराने के बाद झारखंड जगुआर के हेडक्वार्टर लाया गया। शहीद के पार्थिव शरीर को डीजीपी, डीआईजी सहित उनके साथियों ने कांधा दिया। भावभिनी श्रद्धांजलि देने के बाद उनके पार्थिव शरीर को वहां मौजूद परिजनों को सौंप दिया गया।