Koderma News: सड़क निर्माण में धांधली को लेकर केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने लिखा पत्र

कोडरमा: सतगावां प्रखंड में दर्शन पुल से बासोडीह होते हुए गावां को जोड़ने वाली नवनिर्मित सड़क निर्माण में व्यापक धांधली और अनियमितता का मामला गरमा गया है। पथ प्रमंडल द्वारा लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से बनाई गई करीब 30 किलोमीटर लंबी यह सड़क महज एक महीने के भीतर पहली ही बारिश और सामान्य आवागमन में पूरी तरह बदहाल हो गई। निर्माण कार्य की बदतर स्थिति को लेकर स्थानीय स्तर पर लंबे समय से सवाल उठ रहे थे।
हाल ही में पत्रकारों ने इस मुद्दे से केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी को अवगत कराया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय मंत्री ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र भेजकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। बीते कुछ दिन पूर्व इसी जर्जर सड़क पर हुई एक सड़क दुर्घटना में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता और बदहाली को लेकर घंटों सड़क जाम कर विरोध जताया था।
इसके बाद मौके पर पहुंचे बीडीओ मनोज कुमार रवि और थाना प्रभारी बबलू कुमार सिंह के आश्वासन पर ही जाम समाप्त हुआ था। इस घटना के बाद से ही निर्माण कार्य की जांच की मांग और तेज हो गई थी। केंद्रीय मंत्री के पत्र और स्थानीय विरोध के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की जांच के लिए हजारीबाग पथ अंचल के सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय जांच टीम मौके पर पहुंची। टीम में पथ प्रमंडल धनबाद के कार्यपालक अभियंता मिथिलेश कुमार, हजारीबाग के कार्यपालक अभियंता सुभाष प्रसाद और कोडरमा पथ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता विवेक कुमार शामिल थे।
वहीं जांच टीम ने सड़क के विभिन्न हिस्सों का सूक्ष्मता से जायजा लिया। अधिकारियों ने सड़क की वर्तमान स्थिति अलकतरा व गिट्टी की मोटाई और निर्माण में प्रयुक्त सामग्री के मानकों की गहनता से जांच की। जांच के दौरान जहां भी निर्माण में कमियां और त्रुटियां पाई गईं, वहां अधिकारियों ने संबंधित संवेदक और विभागीय कर्मियों को तुरंत सुधार करने के कड़े निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि स्थल निरीक्षण के आधार पर एक विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार कर मुख्यमंत्री कार्यालय को सौंपी जाएगी। जांच के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों के साथ साथ स्थानीय लोग दीपेश अग्रवाल, विक्रम यादव समेत भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि जनता के पैसों का दुरुपयोग करने वाले ठेकेदारों और अधिकारियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।


