Koderma News: जंगल में मवेशी चराने गए 60 वर्षीय सुखदेव रविदास पर भंवरों का हमला

सुखदेव रविदास।

कोडरमा: प्रखंड की राजाबर पंचायत स्थित ठेसवा गांव में भंवरों के जानलेवा हमले में एक बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान 60 वर्षीय सुखदेव रविदास के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। मिली जानकारी के अनुसार सुखदेव रविदास सोमवार को अपने दैनिक काम के सिलसिले में घर के समीप स्थित करा पत्थल जंगल साइड मवेसी चराने गए थे।

इसी दौरान अचानक भंवरों के एक बड़े झुंड ने उन पर हमला कर दिया। जब तक वह खुद को संभाल पाते या वहां से भाग पाते भंवरों ने उन्हें शरीर पर कई जगह बुरी तरह डंक मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह भंवरों को भगाकर उन्हें जंगल से बाहर निकाला। परिजनों ने उन्हें तुरंत स्थानीय निजी क्लिनिक में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद मंगलवार को उन्हें गिरिडीह जिले के बेलाटांड़ ले जाया गया लेकिन हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने सदर अस्पताल कोडरमा रेफर कर दिया।

कोडरमा ले जाने के दौरान रास्ते में ही मंगलवार देर शाम उन्होंने दम तोड़ दिया। ग्रामीणों का कहना है कि प्रखंड के जंगलों में भंवरों और जंगली मधुमक्खियों के कई छत्ते हैं। और पशु चराने जाने वाले ग्रामीणों पर पहले भी कई बार हमले हो चुके हैं, लेकिन इस तरह किसी की जान चले जाने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को अविलंब उचित सरकारी मुआवजा व सहायता राशि देने की मांग की है।

लेखक के बारे में

By Samridh Media Desk

Samridh Media Desk is the official editorial and news publishing team of Samridh Jharkhand. The desk covers breaking news, politics, national and international affairs, Jharkhand and Bihar updates, crime, business, and trending stories with a focus on accuracy, credibility, and…

Read More