Hazaribagh News: विधायक प्रदीप प्रसाद ने NHAI परियोजना निदेशक संग की बैठक

हजारीबाग: विधायक प्रदीप प्रसाद आज अपने आवासीय कार्यालय में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के परियोजना निदेशक (PD) आशुतोष कुमार जी से मुलाकात कर अपने विधानसभा क्षेत्र में NHAI के अंतर्गत आने वाली सड़कों की स्थिति एवं यातायात सुविधाओं को बेहतर बनाने को लेकर सकारात्मक एवं विस्तृत चर्चा की।
इस दौरान क्षेत्र की प्रमुख सड़क एवं यातायात संबंधी समस्याओं को उनके समक्ष रखते हुए आवश्यक सुधार कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराने का आग्रह किया । बैठक में आम जनता की सुविधा और सुरक्षा को केंद्र में रखकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सकारात्मक सहमति बनी।
भारत माता चौक के समीप जर्जर सड़क का त्वरित सुधार
भारत माता चौक के पास सड़क की खराब एवं जर्जर स्थिति को देखते हुए विधायक ने सड़क की मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य शीघ्र कराने का आग्रह किया, ताकि आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। इस मार्ग से हजारों वाहन गुजरते हैं और खराब सड़क की स्थिति में दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
सिंदूर–कनहरी–बाईपास सड़क पर प्रकाश व्यवस्था एवं सौंदर्यीकरण
सिंदूर से कनहरी होते हुए भारत माता चौक को जोड़ने वाली बाईपास सड़क को बेहतर एवं सुगम बनाने के साथ-साथ आवश्यक स्थानों पर पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था कराने पर चर्चा की गई। इससे रात्रि के समय आवागमन करने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी और सड़क की उपयोगिता भी बढ़ेगी। सौंदर्यीकरण के माध्यम से इस मार्ग को एक मॉडल सड़क के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा गया।
ओवरब्रिज के नीचे से गुजरने वाली बाईपास सड़क का विकास
ओवरब्रिज के नीचे से गुजरने वाली बाईपास सड़क की स्थिति में सुधार, आवश्यक मरम्मत एवं बेहतर सड़क व्यवस्था के साथ वहां पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया गया। इस मार्ग पर अक्सर जलभराव की समस्या रहती है, जिसके स्थायी समाधान के लिए उचित ड्रेनेज व्यवस्था भी आवश्यक है।
निरंतर समन्वय से सुनिश्चित होगा विकास
क्षेत्र की सड़कों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय एवं संवाद जारी रहेगा, ताकि आम जनता का आवागमन सुगम हो और उन्हें बेहतर यातायात सुविधाएं मिल सकें। विधायक ने कहा कि उनकी प्राथमिकता है कि हर नागरिक को सुरक्षित और आरामदायक यात्रा की सुविधा मिले।


