आदिवासी छात्रावास की समस्याओं को लेकर सांसद परिमल नाथवानी से मिले छात्र, मिला समाधान का आश्वासन

रांची: आदिवासी छात्र संघ के केंद्रीय अध्यक्ष सुशील उरांव के नेतृत्व में छात्रों का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को राज्यसभा सांसद नाथवानी से मिलने पहुंचा था।
इस दौरान करमटोली स्थित यदुवंश आदिवासी कॉलेज छात्रावास के पुस्तकालय में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं की स्थिति पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इससे पूर्व सांसद जी द्वारा किए गए पुस्तकालय निरीक्षण के आधार पर प्राप्त जानकारी के अतिरिक्त छात्रों ने भी अपनी समस्याओं एवं आवश्यकताओं से उन्हें अवगत कराया।
छात्रों ने कहा कि छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए इन सभी सुविधाओं का होना अत्यंत आवश्यक है। पुस्तकालय की समुचित व्यवस्था होने से आदिवासी छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं तथा उच्च शिक्षा की तैयारी में काफी सहायता मिलेगी।
छात्रों की सभी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुनने के बाद राज्यसभा सांसद नाथवानी ने आश्वासन दिया कि इन समस्याओं के समाधान एवं छात्रों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जल्द से जल्द पहल की जाएगी।
इस मुलाकात के दौरान आदिवासी छात्र संघ के केंद्रीय अध्यक्ष सुशील उरांव के साथ यदुवंश आदिवासी कॉलेज छात्रावास के छात्र प्रमुख प्रकाश भगत, बिनोद कुजूर, कार्तिक उरांव एवं प्रदीप उरांव उपस्थित थे।
आदिवासी छात्र संघ ने उम्मीद जताई कि सांसद जी के सकारात्मक आश्वासन से छात्रावास की समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।



