Koderma News: सड़क सुरक्षा पखवाड़ा पर निकली जागरूकता प्रभात फेरी, 100 एनसीसी कैडेटों ने दिया सुरक्षा का संदेश

कोडरमा: सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के अवसर पर शुक्रवार को कोडरमा जिले में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। झारखंड सरकार के परिवहन विभाग के सचिव के निर्देश के आलोक में जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी के नेतृत्व में सुबह आठ बजे जागरूकता प्रभात फेरी निकाली गई। इसमें 45 झारखंड बटालियन एनसीसी, कोडरमा के लगभग 100 कैडेटों ने उत्साह और अनुशासन के साथ हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में एनसीसी कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पारस लिम्बू के मार्गदर्शन में एनसीसी पदाधिकारी लेफ्टिनेंट संतोष कुमार, ट्रेनिंग जेसीओ राजू तिर्की, सेकंड ऑफिसर अभय नारायण एवं पी. दिलेश्वर बॉया के नेतृत्व में कैडेटों ने भाग लिया।
प्रभात फेरी को उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता, उप विकास आयुक्त रवि जैन, जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी एवं लेफ्टिनेंट संतोष कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रभात फेरी महाराणा प्रताप चौक से शुरू होकर सुभाष चंद्र बोस चौक तक निकाली गई। इस दौरान जिले के कई प्रशासनिक पदाधिकारी एवं कर्मचारी भी शामिल हुए।
सड़क सुरक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी : उपायुक्त
इस अवसर पर उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने एनसीसी कैडेटों एवं छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक नागरिक को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करना चाहिए।
पोस्टर और नारों से दिया जागरूकता का संदेश
प्रभात फेरी में शामिल एनसीसी कैडेटों एवं छात्र-छात्राओं ने हाथों में सड़क सुरक्षा से संबंधित पोस्टर, बैनर और आकर्षक स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर जागरूकता के नारे लगाए। इस दौरान आम नागरिकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, यातायात नियमों का पालन करने, तेज गति से वाहन नहीं चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सड़क दुर्घटनाओं के प्रति जागरूक करना और यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करना था। एनसीसी कैडेटों की अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण भागीदारी से कार्यक्रम प्रभावशाली रहा। सड़क सुरक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ प्रभात फेरी का समापन हुआ।



