गिरिडीह के 22 वर्षीय प्रवासी मजदूर की विशाखापट्टनम में संदिग्ध मौत, परिवार में मातम

विशाखापट्टनम में मृत गिरिडीह के प्रवासी मजदूर कैलाश घांसी के परिजन

गिरिडीह: जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के बेको हरिजन टोला निवासी सुकर घांसी के 22 वर्षीय पुत्र कैलाश कुमार घांसी की विशाखापट्टनम में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, कैलाश कुमार पिछले सोमवार से लापता थे। परिजन और परिचित उनकी तलाश कर रहे थे। गुरुवार शाम को उनका शव संदिग्ध अवस्था में बरामद हुआ। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

बताया जाता है कि कैलाश कुमार घांसी पिछले तीन वर्षों से विशाखापट्टनम में रहकर मजदूरी कर रहे थे। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर करने और रोजी-रोटी कमाने के लिए वह घर से दूर काम कर रहे थे।

मृतक के चाचा रूपचंद घांसी ने स्थानीय ठेकेदार एवं संबंधित कंपनी से उचित मुआवजे की मांग की है।

घटना की जानकारी मिलने पर प्रवासी मजदूरों के हित में कार्य करने वाले समाजसेवी सिकंदर अली मृतक के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली तथा इस दुख की घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More