Koderma News: नशे के अवैध कारोबार पर प्रशासन सख्त, होटल-ढाबों और दवा दुकानों की नियमित जांच के निर्देश

कोडरमा: जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ाने का निर्देश दिया है। गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में एनकार्ड की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व की बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई और संबंधित पदाधिकारियों को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ नियमित जांच एवं छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने औषधि निरीक्षक को जिले की सभी दवा दुकानों एवं औषधि विक्रय संस्थानों की नियमित जांच करने को कहा। वहीं, सभी अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित दवा दुकानों के निबंधन और दवाओं के स्टॉक की निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
राष्ट्रीय राजमार्ग के 250 एवं 500 मीटर के दायरे में स्थित होटल और ढाबों में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की बिक्री पर चिंता जताते हुए उपायुक्त ने उत्पाद अधीक्षक को नियमित छापेमारी अभियान चलाने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने को कहा।
स्कूलों के आसपास नशे की बिक्री पर रोक लगाने का निर्देश
उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक को थाना प्रभारियों के साथ समन्वय स्थापित कर विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया। साथ ही स्कूलों के 100 मीटर के दायरे में मादक पदार्थों एवं तंबाकू उत्पादों की बिक्री रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी को खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों की जांच के लिए नियमित छापेमारी करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा सभी अंचल अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में बिना चेतावनी वाले तंबाकू उत्पाद, खुली सिगरेट और ई-सिगरेट की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने को कहा गया। तंबाकू विक्रेताओं का नियमित निरीक्षण करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक में अपर समाहर्ता संजय पीएम कूजूर, अनुमंडल पदाधिकारी निर्मल सोरेन, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रमोद कुमार केशरी, जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी, सभी अंचल अधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।



