मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन पत्नी कल्पना सोरेन के साथ लातेहार के मंगरा गांव पहुंचे, विवाह समारोह में हुए शामिल

लातेहार: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन अपनी धर्मपत्नी-सह-विधायक कल्पना सोरेन के साथ लातेहार जिले के बरवाडीह स्थित मंगरा गांव पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री मनिका विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामचंद्र सिंह के सुपुत्र विजय बहादुर सिंह के शुभ विवाह समारोह में शामिल हुए।
इस मांगलिक अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं विधायक कल्पना सोरेन ने नवदंपती विजय बहादुर सिंह और कुमारी महिमा को स्नेह एवं आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने नवदंपती के सुखद वैवाहिक जीवन की कामना करते हुए उनके जीवन में सुख, समृद्धि, प्रेम, सद्भाव और खुशहाली बनी रहने की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने विधायक रामचंद्र सिंह के परिवार के अन्य सदस्यों एवं सगे-संबंधियों से भी आत्मीय मुलाकात की और इस खुशी के अवसर पर अपनी प्रसन्नता जाहिर करते हुए परिवारजनों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने स्थानीय आम नागरिकों का अभिवादन भी किया।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के मंगरा गांव पहुंचने पर हैलिपैड पर स्थानीय प्रशासन की ओर से उनका स्वागत किया गया तथा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

मौके पर प्रमंडलीय आयुक्त कुमूद सहाय, पलामू क्षेत्र के डीआईजी किशोर कौशल, लातेहार उपायुक्त संदीप कुमार, पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा आम नागरिक उपस्थित थे।



