लॉन बॉल्स विजेता टीम के खिलाड़ियों से मिले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन

भारत की न्यूजीलैंड पर 2-1 से जीत पर दी बधाई, खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मंगलवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में भारतीय लॉन बॉल्स विजेता टीम के खिलाड़ियों एवं कोच ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भारत और न्यूजीलैंड के बीच 16 से 18 नवंबर 2026 तक आयोजित तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला में भारतीय टीम की 2-1 से शानदार जीत पर सभी खिलाड़ियों और कोच को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पूरे झारखंड के लिए गर्व और गौरव का विषय है कि राज्य के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन करते हुए देश की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। झारखंड के खिलाड़ियों ने अपनी उपलब्धि से राज्य का मान-सम्मान बढ़ाया है।
उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राज्य सरकार झारखंड में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने तथा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और झारखंड का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वालों में झारखंड की लॉन बॉल खिलाड़ी रेशमा कुमारी, सुनील बहादुर, दिनेश कुमार और कोच मधुकांत पाठक उपस्थित थे।


