8th Pay Commission: 8वें वेतन आयोग में कितनी बढ़ेगी सैलरी? समझिए पूरा गणित!

8th Pay Commission: आठवें वेतन आयोग को लेकर केंद्रीय कर्मचारियों के बीच फिटमेंट फैक्टर (Fitment Factor) सबसे अधिक चर्चा में है। कर्मचारी 2.0, 2.28, 2.57 और 2.86 जैसे संभावित फिटमेंट फैक्टर के आधार पर अपने नए वेतन का अनुमान लगा रहे हैं। हालांकि, नई बेसिक सैलरी का निर्धारण केवल फिटमेंट फैक्टर के आधार पर हो, यह जरूरी नहीं है।
सातवें वेतन आयोग में नया वेतन निर्धारित करने के लिए तीन चरणों वाली प्रक्रिया अपनाई गई थी। इसमें अंतिम चरण के तहत पे मैट्रिक्स (Pay Matrix) में उपयुक्त सेल का चयन महत्वपूर्ण था। यदि आठवें वेतन आयोग में भी इसी तरह की प्रक्रिया अपनाई जाती है, तो कर्मचारियों की नई बेसिक सैलरी फिटमेंट फैक्टर के आधार पर गणना की गई राशि से अधिक हो सकती है। हालांकि, अंतिम वेतन वृद्धि आयोग की सिफारिशों और सरकार के फैसले पर निर्भर करेगी।
केंद्र सरकार के कर्मचारी और पेंशनर्स आठवें वेतन आयोग की सिफारिशों का इंतजार कर रहे हैं। नवंबर 2025 में आयोग के गठन की अधिसूचना जारी की गई थी। आयोग को अपनी रिपोर्ट और सिफारिशें सरकार को सौंपने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है, जिसका बड़ा हिस्सा अब बीत चुका है। हालांकि, नए फिटमेंट फैक्टर (Fitment Factor) और वेतन निर्धारण की प्रक्रिया को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
अधिकतर कर्मचारी वर्तमान बेसिक सैलरी को संभावित फिटमेंट फैक्टर से गुणा कर अपने नए वेतन का आकलन कर रहे हैं। इंटरनेट पर मौजूद कई सैलरी कैलकुलेटर भी इसी फॉर्मूले के आधार पर संभावित वेतन की गणना करते हैं। हालांकि, सातवें वेतन आयोग में नई बेसिक सैलरी निर्धारित करने की प्रक्रिया इससे कहीं अधिक विस्तृत थी।
8वें वेतन आयोग में कैसे तय हो सकती है नई सैलरी?
यदि आठवां वेतन आयोग भी सातवें वेतन आयोग की तरह वेतन निर्धारण की प्रक्रिया अपनाता है, तो केंद्रीय कर्मचारियों की नई बेसिक सैलरी निम्नलिखित तीन चरणों में तय हो सकती है।
पहला चरण: फिटमेंट फैक्टर से बेसिक पे की गणना
सबसे पहले कर्मचारी के वर्तमान मूल वेतन (Basic Pay) को निर्धारित फिटमेंट फैक्टर से गुणा किया जाएगा। इस गणना में केवल बेसिक सैलरी को आधार बनाया जाएगा। महंगाई भत्ता (DA), मकान किराया भत्ता (HRA) और परिवहन भत्ता (Transport Allowance) इसमें शामिल नहीं होंगे।
दूसरा चरण: प्राप्त राशि को राउंड ऑफ करना
फिटमेंट फैक्टर से गुणा करने पर प्राप्त राशि को निकटतम पूर्ण रुपये में राउंड ऑफ किया जाएगा। इस प्रक्रिया में राशि को नजदीकी सौ या हजार रुपये के बजाय निकटतम एक रुपये तक समायोजित किया जाएगा।
तीसरा चरण: पे मैट्रिक्स में उपयुक्त सेल का निर्धारण
वेतन निर्धारण की प्रक्रिया में यह सबसे महत्वपूर्ण चरण है। राउंड ऑफ करने के बाद प्राप्त राशि को अंतिम बेसिक सैलरी नहीं माना जाएगा। कर्मचारी के संबंधित पे लेवल (Pay Level) में उस राशि के बराबर वाली सेल का चयन किया जाएगा। यदि समान राशि वाली सेल उपलब्ध नहीं होगी, तो उससे ठीक अधिक राशि वाली सेल को चुना जाएगा।
इस तरह पे मैट्रिक्स (Pay Matrix) में निर्धारित राशि कर्मचारी की नई बेसिक सैलरी होगी। यही वजह है कि अंतिम मूल वेतन केवल फिटमेंट फैक्टर से की गई गणना की तुलना में थोड़ा अधिक हो सकता है।
7वें वेतन आयोग में कैसे हुई थी नई सैलरी की गणना?
सातवें वेतन आयोग की रिपोर्ट में दिए गए एक उदाहरण से वेतन निर्धारण का पूरा गणित समझा जा सकता है। उदाहरण में एक ऐसे कर्मचारी का जिक्र किया गया था, जिसका छठे वेतन आयोग के तहत मूल वेतन 12,560 रुपये था। इसमें 2,400 रुपये का ग्रेड पे शामिल था। सातवें वेतन आयोग में 2.57 के फिटमेंट फैक्टर से उसका नया वेतन तीन चरणों में निर्धारित किया गया।
पहला चरण: मौजूदा वेतन से नई राशि निकालना
- पुराना मूल वेतन: ₹12,560
- निर्धारित फिटमेंट फैक्टर: 2.57
- गणना: 12,560 × 2.57
- गणना से प्राप्त रकम: ₹32,279.20
दूसरा चरण: दशमलव वाली राशि का समायोजन
गणना में प्राप्त 32,279.20 रुपये को निकटतम पूर्ण रुपये तक राउंड ऑफ किया गया। इस प्रक्रिया के बाद राशि 32,279 रुपये रह गई।
तीसरा चरण: पे मैट्रिक्स के आधार पर सैलरी का निर्धारण
कर्मचारी के पे लेवल-4 की मैट्रिक्स में 32,279 रुपये के बराबर कोई सेल मौजूद नहीं थी। ऐसे में नियम के अनुसार इससे अधिक राशि वाली सबसे नजदीकी सेल का चयन किया गया, जो 32,300 रुपये की थी। इसी रकम को कर्मचारी का नया बेसिक पे माना गया।
ग्रेड पे में बढ़ोतरी होने पर कैसे तय होगी नई सैलरी?
सातवें वेतन आयोग की रिपोर्ट में ग्रेड पे (Grade Pay) में बदलाव होने की स्थिति में वेतन निर्धारण का उदाहरण भी दिया गया था। मान लीजिए किसी कर्मचारी का मौजूदा मूल वेतन 12,560 रुपये है, जिसमें पे बैंड का वेतन 10,160 रुपये और ग्रेड पे 2,400 रुपये है। यदि ग्रेड पे बढ़ाकर 2,800 रुपये कर दिया जाता है, तो फिटमेंट फैक्टर लागू करने से पहले संशोधित मूल वेतन की गणना की जाएगी।
- पे बैंड का मौजूदा वेतन: ₹10,160
- बढ़ा हुआ ग्रेड पे: ₹2,800
- संशोधित मूल वेतन: ₹12,960
- फिटमेंट फैक्टर: 2.57
- गणना: ₹12,960 × 2.57 = ₹33,307.20
प्राप्त राशि को निकटतम पूर्ण रुपये में राउंड ऑफ करने पर 33,307 रुपये होंगे। इसके बाद लेवल-5 की पे मैट्रिक्स में इस राशि के बराबर या उससे ठीक अधिक राशि वाली सेल का चयन किया जाएगा। इस स्थिति में अगली उपयुक्त सेल 33,900 रुपये की होगी। ऐसे में कर्मचारी का नया मूल वेतन 33,900 रुपये निर्धारित होगा।
इस उदाहरण से स्पष्ट होता है कि ग्रेड पे में बढ़ोतरी होने की स्थिति में फिटमेंट फैक्टर लागू करने से पहले ही कर्मचारी के मूल वेतन में बदलाव हो सकता है।
प्रमोशन और MACP के तहत कैसे बढ़ती है बेसिक सैलरी?
सातवें वेतन आयोग की रिपोर्ट में पदोन्नति (Promotion) और मॉडिफाइड एश्योर्ड करियर प्रोग्रेशन (Modified Assured Career Progression-MACP) के तहत मूल वेतन निर्धारित करने की प्रक्रिया भी बताई गई थी।
उदाहरण के लिए, यदि किसी कर्मचारी का लेवल-4 में मूल वेतन 28,700 रुपये है और प्रमोशन या MACP के तहत उसे लेवल-5 में स्थानांतरित किया जाता है, तो पहले उसके वर्तमान पे लेवल में एक वेतन वृद्धि (Increment) दी जाएगी।
- लेवल-4 में वर्तमान मूल वेतन: ₹28,700
- एक इंक्रीमेंट के बाद मूल वेतन: ₹29,600
- लेवल-5 में अगली उपयुक्त सेल: ₹30,100
- निर्धारित नया मूल वेतन: ₹30,100
इस प्रक्रिया के तहत कर्मचारी की नई बेसिक सैलरी 30,100 रुपये हो जाएगी। खास बात यह है कि इस उदाहरण में प्रमोशन या MACP के दौरान फिटमेंट फैक्टर दोबारा लागू नहीं किया जाता। कर्मचारी को पहले मौजूदा पे लेवल में एक इंक्रीमेंट दिया जाता है। इसके बाद नए पे लेवल में प्राप्त राशि के बराबर या उससे ठीक अधिक राशि वाली सेल के आधार पर नया मूल वेतन निर्धारित किया जाता है।
8वें वेतन आयोग में इस नियम की क्या होगी अहमियत?
आठवें वेतन आयोग की सिफारिशें सामने आने के बाद फिटमेंट फैक्टर (Fitment Factor) केंद्रीय कर्मचारियों के बीच चर्चा का प्रमुख विषय बन सकता है। कर्मचारी इसके आधार पर अपने संभावित नए मूल वेतन की गणना करेंगे। हालांकि, सातवें वेतन आयोग में अपनाई गई वेतन निर्धारण प्रक्रिया को देखते हुए यह समझना जरूरी है कि केवल फिटमेंट फैक्टर से प्राप्त राशि को अंतिम बेसिक सैलरी नहीं माना जा सकता। यदि आठवें वेतन आयोग में भी पिछली प्रक्रिया अपनाई जाती है, तो नई सैलरी तय करने में पे मैट्रिक्स की भी महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है।


