रांची, हजारीबाग समेत झारखंड के कई इलाकों में भूकंप के झटके, तीव्रता 5.4; फिलहाल नुकसान की खबर नहीं

झारखंड के कई इलाकों में भूकंप के झटके

रांची: झारखंड की राजधानी रांची, हजारीबाग समेत राज्य के कई इलाकों में मंगलवार सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। अचानक धरती हिलने से लोगों में दहशत फैल गई। घबराए लोग अपने घरों और अपार्टमेंट से बाहर निकलकर खुले स्थानों पर जमा हो गए।

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के मुताबिक, भूकंप सुबह 7 बजकर 2 मिनट 47 सेकंड पर आया। केंद्र ने इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.3 दर्ज की है। भूकंप का केंद्र नेपाल में था। इसकी गहराई जमीन से करीब 20 किलोमीटर नीचे दर्ज की गई। शुरुआती रिपोर्टों में इसकी तीव्रता 5.4 बताई गई थी।

सुबह लोग अपनी दिनचर्या शुरू कर रहे थे, तभी अचानक पंखे और घरों में रखे सामान हिलने लगे। इससे लोगों को भूकंप का अहसास हुआ और वे एहतियातन घरों से बाहर निकल आए। रांची और राज्य के अन्य इलाकों में लोगों के बीच कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, नेपाल के अलावा भारत के बिहार और झारखंड समेत बांग्लादेश, भूटान तथा चीन के सीमावर्ती इलाकों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। हालांकि, फिलहाल झारखंड में कहीं से जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

भूकंप के बाद लोग एक-दूसरे से संपर्क कर अपने परिचितों और रिश्तेदारों का हाल जानने लगे। संबंधित एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More