लुगू बुरु महोत्सव में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को मिला आमंत्रण

रांची: लुगू बुरु घांटाबाड़ी धोरोमगढ़ राजकीय महोत्सव-2026 में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को आयोजन समिति की ओर से सादर आमंत्रित किया गया है। शनिवार को महोत्सव आयोजन समिति के प्रतिनिधिमंडल ने कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें आमंत्रण सौंपा।
इस मौके पर बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना भी उपस्थित थे। प्रतिनिधिमंडल ने संयुक्त रूप से मुख्यमंत्री को आगामी 22 से 24 नवंबर 2026 तक टीटीपीएस ललपनिया, बोकारो में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय राजकीय महोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
इस दौरान उपायुक्त अजय नाथ झा ने मुख्यमंत्री को महोत्सव के आयोजन से जुड़ी तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं।
मौके पर अंतरराष्ट्रीय संताल सरना धर्म महासम्मेलन आयोजन समिति के अध्यक्ष बबुली सोरेन एवं सदस्य लुदू मांझी उपस्थित थे।


