टाटा स्टील एक्सप्रेस में आग लगने से यात्रियों में दहशत, रेलवे की तकनीकी टीम ने शुरू की जांच

टाटा स्टील एक्सप्रेस के कोच में आग की घटना
सी3 कोच से धुआं निकलते ही लोको पायलट ने लगाया इमरजेंसी ब्रेक

जमशेदपुर: हावड़ा से जमशेदपुर आ रही टाटा स्टील एक्सप्रेस में शुक्रवार रात अचानक आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन के सी3 कोच से धुआं निकलता देख यात्रियों में दहशत फैल गई। हालांकि, लोको पायलट की तत्परता और सूझबूझ से समय रहते ट्रेन को रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा रेल हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, ट्रेन तेज गति से अपने गंतव्य की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान सी3 कोच में आग लगने और धुआं निकलने की सूचना लोको पायलट को मिली। उन्होंने तत्काल आपातकालीन ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया। इसके बाद ट्रेन को चाकुलिया रेलवे स्टेशन तक ले जाया गया, जहां यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। घटना में किसी यात्री के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है।

इलेक्ट्रॉनिक पैनल में शॉर्ट सर्किट की आशंका

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि कोच के इलेक्ट्रॉनिक पैनल में चूहा घुसने से शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके कारण आग लगी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

रेलवे की तकनीकी टीम ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर रेलवे के अधिकारी और तकनीकी टीम चाकुलिया स्टेशन पहुंची। टीम ने प्रभावित कोच का निरीक्षण कर इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम सहित अन्य तकनीकी हिस्सों की जांच शुरू कर दी है। रेलवे की ओर से सुरक्षा मानकों की पड़ताल के साथ आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना के कारण ट्रेन का परिचालन भी प्रभावित हुआ।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More