सिद्धचक्र महामंडल विधान में तीसरे दिन भक्ति और श्रद्धा का उमड़ा सैलाब, मुनिश्री सुयश सागर जी ने बताया सिद्ध आराधना का महत्व

सिद्धचक्र महामंडल विधान के तीसरे दिन पूजा-अर्चना करते श्रद्धालु।

कोडरमा: झुमरीतिलैया के पानी टंकी रोड स्थित श्री दिगंबर जैन नया मंदिर के प्रांगण में आयोजित ऐतिहासिक चातुर्मास के पावन अवसर पर सिद्धों की आराधना एवं आत्मकल्याण की भावना से श्री 1008 सिद्धचक्र महामंडल विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। श्रमण मुनिश्री 108 सुयश सागर जी मुनीराज एवं मुनिश्री कौशल्य सागर जी मुनीराज ससंघ के पावन सानिध्य में यह आयोजन 17 नवंबर से 24 नवंबर तक पूरी भक्ति, श्रद्धा और उत्साह के साथ किया जा रहा है।

आयोजन के तीसरे दिन बुधवार को प्रातःकाल भक्तिमय वातावरण में देवाधिदेव 1008 आदिनाथ भगवान का प्रथम अभिषेक एवं शांतिधारा संपन्न हुई। इस पावन धार्मिक अनुष्ठान का सौभाग्य समाज के सौधर्म इंद्र जय कुमार-त्रिशला जैन गंगवाल, कुबेर अशोक-मंजू एवं बिनोद अजमेरा, श्रीपाल-मैना सुंदरी, अजय-सोनिया जैन काला तथा मुकेश-अतिवीर जैन सेठी को प्राप्त हुआ। भगवान के अभिषेक एवं शांतिधारा के दौरान पूरा मंदिर परिसर जयकारों और भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।

इसके पश्चात विश्व शांति एवं सर्वकल्याण की मंगल भावना के साथ श्री 1008 सिद्धचक्र महामंडल विधान की संगीतमय एवं विधिपूर्वक पूजा प्रारंभ हुई। स्थानीय विद्वान पंडित अभिषेक जी शास्त्री ने शुद्ध मंत्रोच्चार के साथ विधान की समस्त धार्मिक क्रियाएं संपन्न कराईं। मुनिश्री के मुखारविंद से उच्चारित मंत्रों एवं पंडित जी के मार्गदर्शन में श्रद्धालुओं ने एक-एक अर्घ्य समर्पित कर भगवान सिद्ध परमेष्ठी की आराधना की। विधान के अंतर्गत 32 एवं 64 अर्घ्य और श्रीफल अर्पित किए गए। श्रद्धालुओं ने पूर्ण श्रद्धा और भक्ति के साथ पूजा-अर्चना में भाग लिया।

इस अवसर पर परम पूज्य मुनिश्री 108 सुयश सागर जी महाराज ने अपने मंगल प्रवचन में कहा कि जैन धर्म में सिद्धचक्र महामंडल विधान आत्मशुद्धि, आत्मकल्याण और सिद्ध परमेष्ठी की आराधना का अत्यंत महत्वपूर्ण विधान है। अर्घ्य समर्पण केवल एक धार्मिक क्रिया नहीं, बल्कि अपने मन के विकारों को दूर कर आत्मा को निर्मल बनाने का माध्यम है। जब श्रद्धालु पूर्ण भक्ति, विश्वास और एकाग्रता के साथ अर्घ्य समर्पित करता है, तो उसके मन में एकाग्रता, विनम्रता और आध्यात्मिक चेतना का विकास होता है।

मुनिश्री ने कहा कि संसार में प्रत्येक प्राणी सुख, शांति और समृद्धि की कामना करता है, लेकिन वास्तविक सुख बाहरी साधनों में नहीं, बल्कि आत्मा की शुद्धता और संयमित जीवन में निहित है। भगवान की आराधना का उद्देश्य केवल सांसारिक इच्छाओं की पूर्ति नहीं, बल्कि अपने भीतर छिपी अनंत शक्तियों को पहचानना है। सिद्ध परमेष्ठी वे हैं, जिन्होंने समस्त कर्मों का क्षय कर जन्म-मरण के बंधन से मुक्ति प्राप्त की है। हमें भी उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर आत्मकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए।

उन्होंने आगे कहा कि सिद्धचक्र महामंडल विधान परंपरा से मोक्षमार्ग की प्रेरणा देने वाला है। मुनिश्री ने सभी श्रद्धालुओं से धर्म के मार्ग पर चलने, परस्पर प्रेम एवं मैत्री बनाए रखने और जीवमात्र के प्रति करुणा का भाव रखने का आह्वान किया।

विधान संयोजक रूपेश जैन छाबड़ा एवं राहुल जैन छाबड़ा ने बताया कि विधान के अंतर्गत 64 ऋद्धियों की विशेष पूजा एवं विशेष अर्घ्य समर्पित करने का सौभाग्य सौधर्म इंद्र मनीष-नेहा जैन गंगवाल तथा कुबेर इंद्र के रूप में सुनील, मुकेश एवं राज कुमार जैन अजमेरा को मिला। समाज के अनेक गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु इसमें शामिल हुए।

आठ दिवसीय इस भव्य धार्मिक आयोजन को लेकर जैन समाज में विशेष उत्साह और उल्लास का वातावरण है। प्रतिदिन प्रातःकाल भगवान का अभिषेक, शांतिधारा, विधान पूजन, अर्घ्य समर्पण एवं मुनिश्री के मंगल प्रवचन से पूरा मंदिर परिसर धर्ममय बना हुआ है।

संध्या में मुनिश्री के मुखारविंद से णमोकार चालीसा का पाठ हुआ। इसके बाद सौधर्म इंद्र त्रिशला जैन गंगवाल परिवार, कुबेर इंद्र पुनीत, सुमित, अर्हम एवं कथान्स अजमेरा परिवार तथा श्रीपाल इंद्र कुणाल एवं पलक जैन काला परिवार की ओर से भव्य आरती की गई। रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन के दौरान राज कुमार जैन अजमेरा और नवीन जैन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More