भगवान चित्रगुप्त की निकली विशाल शोभायात्रा

गिरिडीह: केन्द्रीय चित्रगुप्त महा परिवार के आह्वान पर आज चित्रगुप्त पूजा की पूर्व संध्या पर कायस्थों की एक विशाल शोभायात्रा शहर के मुख्य मार्गों से गुजरी। जगह-जगह लोगों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया।
सिंकू सिन्हा ने कहा कि कायस्थों के आराध्य देव चित्रगुप्त की आरती करने के बाद हम अपनी एकता स्थापित करने के लिए सड़कों पर निकले हैं। हम समाज में एक नई चेतना का विकास करना चाहते हैं।
सतीश कुंदन ने कहा कि चित्रांश युवाओं और महिलाओं को समाज निर्माण के लिए आगे आना चाहिए। हम यहूदियों से भी ज्यादा संख्या में हैं, लेकिन हम अपनी ताकत को नहीं पहचान रहे हैं।
संजीव नाथ धुल्लू ने कहा कि हम चित्रांशों के गरीब छात्रों के लिए कल्याणकारी योजनाओं पर अमल करेंगे। चुन्नूकांत ने कहा कि राजनीति में हमारी पूछ घटती जा रही है। हम एकता का परिचय देने में विफल रहते हैं।
अजय कुमार सिन्हा ने कहा कि हमें आपसी गुटबाजी छोड़कर एक होना होगा। महिला अध्यक्ष प्रो. पुष्पा सिन्हा ने कहा कि हम आधी आबादी हैं, लेकिन समाज में उपेक्षित हैं। हम समाज में दोहरा जीवन जी रहे हैं।
डॉ. पायल वर्मा ने कहा कि महिलाओं को दहेज के खिलाफ एक माहौल बनाना चाहिए। पूर्व मंत्री चंद्रमोहन प्रसाद ने कायस्थों की एकता पर बल दिया। तनुजा सहाय ने कहा कि महिलाओं को समाज के काम में आगे बढ़कर सेवा करनी चाहिए।
नवीन सिन्हा, विजय सिन्हा, सरिता श्रीवास्तव, संगीता सिन्हा, माला सिन्हा, नेहा सिन्हा, श्वेत शिखा सहित पम्मी सिन्हा, सृष्टि और सौम्या समेत भारी संख्या में महिलाएं मौजूद थीं।
राजेश सिन्हा ने कहा कि हम कायस्थों का एक रोस्टर तैयार कर रहे हैं, जिससे हम एक-एक घर तक पहुंच बनाएंगे।
शोभायात्रा जेपी चौक, मकतपुर, बरगंडा होते हुए चित्रगुप्त मंदिर, जेल परिसर में समाप्त हुई। शोभायात्रा में कायस्थों की महान विभूतियों की तस्वीरों से सजे टोटो भी शामिल थे।


