Giridih News: ओवरलोडेड भारी वाहनों पर प्रशासन का शिकंजा, 8 वाहनों पर कार्रवाई; 1.90 लाख जुर्माना

गिरिडीह में ओवरलोडेड भारी वाहनों के खिलाफ जांच अभियान।

6 वाहन जब्त, निमियाघाट, मधुबन और बगोदर थाना क्षेत्र में चला विशेष जांच अभियान

गिरिडीह: जिले में ओवरलोडेड भारी मालवाहक वाहनों के परिचालन पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने को लेकर जिला प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशानुसार जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार के नेतृत्व में ओवरलोडेड भारी वाहनों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान कुल आठ भारी मालवाहक वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। जांच के क्रम में छह वाहनों को जब्त कर संबंधित थानों में रखा गया। इनमें निमियाघाट थाना क्षेत्र से दो, मधुबन थाना क्षेत्र से तीन तथा बगोदर थाना क्षेत्र से एक वाहन शामिल हैं। वहीं, शेष दो वाहनों के विरुद्ध ऑनलाइन चालान निर्गत करते हुए कुल 1,90,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने कहा कि जिले में ओवरलोडेड वाहनों के परिचालन के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। निर्धारित भार क्षमता से अधिक माल का परिवहन करना न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ती है और सड़कों को भी गंभीर क्षति पहुंचती है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि ओवरलोडिंग के मामलों में किसी भी प्रकार की रियायत नहीं दी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन मालिकों एवं चालकों के विरुद्ध वाहन जब्ती, ऑनलाइन चालान एवं जुर्माना सहित नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। सभी वाहन संचालकों को निर्धारित भार क्षमता एवं परिवहन नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि उपायुक्त के निर्देशानुसार जिले में यह जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध सख्ती से कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

लेखक के बारे में

By Sudhir Sinha

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More