धनतेरस-छोटी दिवाली पर बाजारों में उमड़ी भीड़; एक दिन में एक करोड़ का कारोबार, झाड़ू खरीदने की रही होड़

धनतेरस पर ऑटोमोबाइल दुकानों में भी रही रौनक।

साहिबगंज: धनतेरस के पावन अवसर पर सदर प्रखंड क्षेत्र के मुख्य बाजारों व चौक-चौराहों पर दिनभर जबरदस्त रौनक रही। सुबह से ही बर्तन, ज्वेलरी, इलेक्ट्रॉनिक व ऑटोमोबाइल दुकानों पर ग्राहकों की लंबी कतारें देखी गईं। शुभ मुहूर्त में खरीदारी को लेकर लोगों में खासा उत्साह रहा, जो देर शाम तक जारी रहा।

इस दौरान लोगों ने बाइक, गोदरेज अलमारी, एलईडी टीवी, मोबाइल फोन, सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन और अन्य घरेलू सामानों की जमकर खरीदारी की। खास बात यह रही कि परंपरागत मान्यता के अनुसार, इस बार झाड़ू की खरीदारी को लेकर भी जबरदस्त उत्साह देखा गया। मान्यता है कि धनतेरस पर झाड़ू खरीदने से मां लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं और घर में सुख-समृद्धि आती है।

दुकानदारों के अनुसार, पूरे प्रखंड क्षेत्र में लगभग एक करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है। एक ज्वेलरी दुकानदार ने बताया कि केवल उनकी दुकान में ही करीब दो लाख रुपये के जेवरात बिके।

त्योहार को लेकर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम रहे। भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात सुचारू रखने के लिए मुख्य चौक पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस की मुस्तैदी से बाजार में शांतिपूर्ण माहौल में खरीदारी संपन्न हुई। आज छोटी दिवाली यानी नरक चतुर्दशी को भी बाजारों में वही रौनक बरकरार है।

लेखक के बारे में

By संजय कुमार धीरज

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More