Deoghar News: छठ महापर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीसी-एसपी ने किया विभिन्न घाटों का निरीक्षण

देवघर: लोक आस्था के छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने शनिवार को शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न छठ घाटों का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा, यातायात, विद्युत व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने शिवगंगा सरोवर, डढ़वा नदी, नावाडीह घाट, नंदन पहाड़ फिल्टर, मंगल तालाब, जलसार तालाब और नौकाबांध सहित विभिन्न घाटों का जायजा लिया। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पर्व से पहले सभी घाटों पर बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
शिवगंगा और नंदन पहाड़ पर तैनात होगी एनडीआरएफ टीम
छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उपायुक्त ने शिवगंगा और नंदन पहाड़ पर एनडीआरएफ की टीम को बोट एवं अन्य सुरक्षा संसाधनों के साथ तैनात करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी घाटों पर सुरक्षा मानकों को मजबूत किया जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
इसके अलावा सभी छठ घाटों पर दंडाधिकारियों और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति समय पर सुनिश्चित करने को कहा गया। असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने के लिए भी विशेष व्यवस्था की जाएगी।
एंबुलेंस, अग्निशमन और विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने घाटों पर आवश्यकता के अनुसार एंबुलेंस, मोबाइल टॉयलेट और अग्निशमन वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित विभागों को पर्याप्त रोशनी, स्वास्थ्य सुविधाओं, विद्युत कनेक्शन की जांच और विशेष साफ-सफाई की व्यवस्था करने को कहा।
यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने, अतिक्रमण हटाने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए छठ पूजा समितियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने अधिकारियों से लगातार घाटों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने को भी कहा।
उन्होंने छठ पूजा समितियों से अपील की कि स्वच्छ देवघर अभियान के तहत सभी घाटों को स्वच्छता की मिसाल बनाने में सहयोग करें। जिला प्रशासन की तैयारियों के साथ आम नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी है।
तालाबों और जलाशयों पर अतिक्रमण को लेकर डीसी सख्त
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने तालाबों और जलाशयों के आसपास हो रहे अवैध अतिक्रमण पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने नगर निगम और संबंधित अंचलाधिकारियों को सभी तालाबों एवं जलाशयों की भूमि की मापी कराकर डीमार्केशन का कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि जल स्रोतों का अस्तित्व बनाए रखने के लिए अतिक्रमण पर पूरी तरह रोक लगाना जरूरी है। इसके लिए जलाशयों के आसपास प्रमुख स्थानों पर साइनेज लगाए जाएं, जिन पर स्पष्ट रूप से अंकित हो कि यह सरकारी जलाशय की भूमि है और यहां अतिक्रमण करना या गंदगी फैलाना दंडनीय अपराध है।
उपायुक्त ने नगर निगम एवं अंचल प्रशासन को आपसी समन्वय के साथ नियमित निगरानी करने और अतिक्रमण के मामलों में तत्काल कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, कार्यपालक अभियंता आरसीडी मनोज कुमार महतो, कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति नीरज कुमार, सहायक नगर आयुक्त गौरव, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित नगर निगम, विद्युत विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।




