Lohardaga News: धनतेरस पर यामाहा शोरूम में उमड़ी ग्राहकों की भीड़, 50 से अधिक वाहनों की बिक्री

लोहरदगा: धनतेरस के अवसर पर लोहरदगा शहर का ऑटोमोबाइल बाजार गुलजार रहा। दोपहिया वाहन खरीदने को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। शहर के यामाहा शोरूम में ग्राहकों की भीड़ उमड़ी और देखते ही देखते 50 से अधिक स्कूटी व बाइक की बिक्री हो गई। वहीं, 30 से अधिक वाहनों की अग्रिम बुकिंग भी की गई। यामाहा के नए मॉडल, आकर्षक डिजाइन और बेहतर माइलेज ग्राहकों के बीच खास आकर्षण का केंद्र रहे।
यामाहा मोटर्स के संचालक मुन्ना साहू ने बताया कि धनतेरस को लेकर इस बार ग्राहकों का रुझान काफी बेहतर रहा। पिछले कई दिनों से लोग अपनी पसंद के वाहनों की जानकारी लेने के लिए शोरूम पहुंच रहे थे। धनतेरस पर बड़ी संख्या में ग्राहकों ने दोपहिया वाहनों की खरीदारी की। खासकर स्कूटी की मांग अधिक रही। उन्होंने बताया कि यामाहा की आधुनिक तकनीक और बेहतर माइलेज वाली स्कूटी ग्राहकों को पसंद आ रही है। कंपनी की हाइब्रिड स्कूटी भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है, जो करीब 75 किलोमीटर तक का माइलेज देने में सक्षम है।
उन्होंने बताया कि युवा वर्ग में यामाहा के नए मॉडल की विशेष मांग देखी गई। ग्राहकों ने आकर्षक लुक, आधुनिक फीचर और माइलेज को ध्यान में रखते हुए अपनी पसंद के वाहन खरीदे। धनतेरस से पहले ही कई ग्राहकों ने अग्रिम राशि देकर अपने पसंदीदा वाहन बुक करा लिए थे और पर्व के दिन शोरूम से वाहनों की डिलीवरी ली।
शहर के अन्य ऑटोमोबाइल शोरूम में भी धनतेरस पर वाहनों की अच्छी बिक्री हुई। बजाज शोरूम के संचालक शैलेश महतो ने बताया कि उनके शोरूम में करीब 45 वाहनों की बिक्री हुई और 25 से अधिक वाहनों की अग्रिम बुकिंग की गई। वहीं, हीरो मोटर्स के संचालक कमल महतो ने 35 से अधिक वाहनों की बिक्री की जानकारी दी। टीवीएस के शोरूम में भी ग्राहकों की अच्छी भीड़ रही।
ऑटोमोबाइल कारोबारियों के अनुसार, इस बार पेट्रोल वाहनों के साथ इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की मांग में भी बढ़ोतरी हुई है। कंपनियों की ओर से आसान ऋण सुविधा, आकर्षक छूट और उपहार दिए जाने से ग्राहकों को खरीदारी में सुविधा मिली। कुल मिलाकर धनतेरस पर लोहरदगा में दोपहिया और चारपहिया वाहनों का कारोबार करीब पांच करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। वाहनों की अच्छी बिक्री से ऑटोमोबाइल कारोबारियों में भी उत्साह है।


