साहिबगंज के प्रमुख होटलों एवं मिठाई दुकानों में खाद्य सुरक्षा विभाग की औचक जांच

मिठाई और पनीर के नमूने संग्रहित करते खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी
पनीर एवं मिठाई के 5 सैंपल संग्रहित, सैंपल लैब भेजे गए

साहिबगंज: आगामी दीपावली एवं छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। आम लोगों को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने सदर प्रखंड के मुख्य बाजार स्थित प्रमुख होटलों एवं मिठाई दुकानों में औचक जांच अभियान चलाया।


अभियान के दौरान जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी आशीष कुमार वर्मा के नेतृत्व में टीम ने कई प्रतिष्ठित होटलों और मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान पनीर, खोया और विभिन्न प्रकार की मिठाइयों के कुल 5 सैंपल संग्रहित किए गए। सभी सैंपलों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है।


जांच के दौरान एक प्रतिष्ठान में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन पाया गया। संबंधित प्रतिष्ठान में साफ-सफाई की कमी और वैध FSSAI लाइसेंस प्रदर्शित नहीं होने पर विभाग की ओर से नोटिस जारी कर सुधार करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी कारोबारियों को आवश्यक पंजीकरण एवं लाइसेंस अनिवार्य रूप से लेने तथा दुकान में साफ-सफाई बनाए रखने की सख्त हिदायत दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के दौरान मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है, ऐसे में मिलावटखोरी रोकना प्रशासन की प्राथमिकता है।

जिला प्रशासन आमजनों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर किसी प्रकार की शिकायत होने पर खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचित करें। यह जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

लेखक के बारे में

By संजय कुमार धीरज

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More