Palamu News: होमगार्ड कार्यालय का मुंशी 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

पलामू : झारखंड के पलामू जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए होमगार्ड कार्यालय के मुंशी सकेंद्र उर्फ साकेश कुजूर को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी मुंशी पर होमगार्ड जवान को ड्यूटी की कमान (ड्यूटी आदेश) देने के एवज में घूस मांगने का आरोप है।
क्या है पूरा मामला?
एसीबी से मिली जानकारी के अनुसार, एक होमगार्ड जवान अपनी ड्यूटी के लिए कमान लेने पलामू स्थित कार्यालय पहुंचा था। वहां उसे मुंशी सकेंद्र और तुलसी से मिलने को कहा गया। दोनों ने ड्यूटी कमान देने के बदले 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी और इसे साहब का आदेश बताया। जब जवान ने इस बात की शिकायत संबंधित अधिकारी से की, तो कथित तौर पर उन्होंने भी यह कहते हुए मुंशी का पक्ष लिया कि चार महीने में 1.20 लाख रुपये मिलते हैं, ऐसे में 10 हजार रुपये देने में क्या परेशानी है।
एसीबी ने ऐसे बिछाया जाल
रिश्वत की मांग से परेशान होकर जवान ने मामले की लिखित शिकायत पलामू एसीबी कार्यालय में दर्ज कराई। एसीबी ने शिकायत के आधार पर मामले का सत्यापन किया, जिसमें मुंशी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का आरोप सही पाया गया। इसके बाद एसीबी ने मामला दर्ज कर जाल बिछाया।
गुरुवार को एक दंडाधिकारी और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में एसीबी की टीम ने कार्रवाई करते हुए मुंशी सकेंद्र उर्फ साकेश कुजूर को वादी से 10,000 रुपये घूस लेते हुए रंगेहाथ दबोच लिया। एसीबी द्वारा आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




