बोरियो में पंचायत समिति की बैठक, विकास योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: बीडीओ

बोरियो में पंचायत समिति की बैठक आयोजित

साहिबगंज। बोरियो प्रखंड कार्यालय के सभागार में पंचायत समिति की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख शांति बास्की ने की। बैठक में प्रखंड क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई और लंबित कार्यों को गति देने का निर्देश दिया गया।

बैठक में बीपीआरओ परमानंद मंडल, मनरेगा बीपीओ अखिलेश कुमार, प्रणव कुमार सहित स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल एवं स्वच्छता, कृषि, बिजली, आपूर्ति और बाल विकास परियोजना के अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा सभी पंचायतों के मुखिया और पंचायत समिति सदस्य भी शामिल हुए।

बैठक में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, अबुआ आवास योजना, जल जीवन मिशन, हर घर नल-जल और मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना की प्रगति रिपोर्ट पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जो भी योजनाएं लंबित हैं, उन्हें तय समय सीमा में पूरा करें।

बैठक के दौरान कई पंचायत समिति सदस्यों ने अपने क्षेत्र की समस्याएं रखीं। कई सदस्यों ने शिकायत की कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को नियमित पोषाहार नहीं मिल रहा है। इस पर प्रखंड प्रमुख शांति बास्की ने नाराजगी जताते हुए संबंधित विभाग को फटकार लगाई और तत्काल व्यवस्था सुधारने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। विकास कार्यों में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी जनप्रतिनिधि आपसी समन्वय बनाकर क्षेत्र के विकास में सहयोग करें।
बैठक में सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। अंत में प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सभी का आभार जताया। मौके पर पंचायत समिति सदस्य अमन कुमार समेत अन्य जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी उपस्थित थे।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More