Giridih News : कॉमरेड स्वदेश भट्टाचार्य को अंतिम विदाई देने पटना रवाना हुआ भाकपा-माले का जत्था

कॉमरेड स्वदेश भट्टाचार्य को अंतिम विदाई देने पटना रवाना हुआ भाकपा-माले का जत्था।
पूर्व विधायक राजकुमार यादव और जिला सचिव अशोक पासवान के नेतृत्व में कार्यकर्ता हुए रवाना, पार्टी नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

गिरिडीह : भारतीय कम्युनिस्ट आंदोलन के वरिष्ठ नेता और भाकपा-माले के संस्थापक सदस्यों में शामिल कॉमरेड स्वदेश भट्टाचार्य को अंतिम विदाई देने के लिए सोमवार अहले सुबह गिरिडीह से पार्टी कार्यकर्ताओं का एक जत्था पटना के लिए रवाना हुआ। जत्थे का नेतृत्व राजधनवार के पूर्व विधायक एवं भाकपा-माले राज्य कमेटी सदस्य कॉमरेड राजकुमार यादव तथा जिला सचिव कॉमरेड अशोक पासवान ने किया।

पूर्व विधायक राजकुमार यादव ने कहा कि कॉमरेड स्वदेश भट्टाचार्य भारतीय कम्युनिस्ट आंदोलन के अपराजेय योद्धा थे। कॉमरेड चारू मजूमदार की शहादत के बाद 28 जुलाई 1974 को पुनर्गठित सीपीआई (एम-एल) के संस्थापक सदस्यों में वह आखिरी कड़ी थे। उनके योगदान और संघर्ष को लंबे समय तक याद किया जाएगा।

जिला सचिव अशोक पासवान ने बताया कि कॉमरेड स्वदेश भट्टाचार्य का निधन 30 अक्टूबर को पटना में हुआ था। 31 अक्टूबर को उनका पार्थिव शरीर पटना से आरा, भोजपुर स्थित क्रांति पार्क ले जाया गया, जहां लोगों ने अंतिम दर्शन किए। एक नवंबर को पार्थिव शरीर वापस पटना लाया गया। इसके बाद दो नवंबर को देशभर से जुटे लोगों ने शवयात्रा में शामिल होकर उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी।

माले नेता राजेश सिन्हा ने कहा कि ऐसे संघर्षशील योद्धा को युगों-युगों तक याद किया जाएगा। वहीं, शंकर पांडेय, सकलदेव यादव और कन्हाई पांडेय ने कहा कि कॉमरेड स्वदेश भट्टाचार्य ने उस दौर में पार्टी को खड़ा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जब संगठन को मजबूत करना बेहद चुनौतीपूर्ण था।

जत्थे में ये साथी हुए शामिल

पटना रवाना हुए जत्थे में असंगठित मजदूर मोर्चा के केंद्रीय सचिव कॉमरेड कन्हैया पाण्डेय, जन संस्कृति मंच के राज्य उपाध्यक्ष शंकर पांडेय, ऐपवा नेत्री मीना दास, जिला कमेटी सदस्य सह जिला परिषद सदस्य विजय पांडेय, गिरिडीह नगर सचिव राजेश सिन्हा, जिला कमेटी सदस्य रामलाल मुर्मू और मसूदन कोल्ह, बेंगाबाद लोकल कमेटी सचिव सकलदेव यादव, झामस नेता भीखन अंसारी, भागीरथ पंडित, भोला पासवान, बलदेव यादव, लखन यादव, किसान नेता खूबलाल राय और भीखारी राय सहित दर्जनों कार्यकर्ता शामिल रहे।

लेखक के बारे में

By Samridh Desk

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More