Sahibganj News : 1.40 लाख लाभुकों के खाते में पहुंची अक्टूबर की पेंशन, 15.97 करोड़ रुपये का हुआ भुगतान

साहिबगंज : मुख्यमंत्री सर्वजन पेंशन योजना के तहत साहिबगंज जिले के पेंशनधारियों के लिए राहत भरी खबर है। जिला प्रशासन की ओर से अक्टूबर माह की पेंशन राशि लाभुकों के बैंक खातों में हस्तांतरित कर दी गई है। जिले के कुल 1,40,322 लाभुकों को इसका लाभ मिला है। प्रत्येक लाभुक के खाते में 1,000 रुपये की दर से पेंशन राशि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से भेजी गई है।
15.97 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित
प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, अक्टूबर माह के लिए कुल 15,97,37,000 रुपये (15 करोड़ 97 लाख 37 हजार रुपये) की राशि लाभुकों के बैंक खातों में भेजी गई है। इससे जिले के हजारों वृद्ध, विधवा, दिव्यांग और निराश्रित लोगों को आर्थिक सहायता मिलेगी।
वृद्ध, विधवा और दिव्यांगों को मिलती है सामाजिक सुरक्षा
मुख्यमंत्री सर्वजन पेंशन योजना का उद्देश्य राज्य के योग्य वृद्धजनों, विधवाओं, दिव्यांगों और निराश्रित व्यक्तियों को आर्थिक सहायता प्रदान कर सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करना है। डीबीटी के माध्यम से पेंशन राशि सीधे बैंक खातों में भेजे जाने से भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहती है और बिचौलियों की भूमिका समाप्त होती है।
खाता जांचने की प्रशासन ने की अपील
जिला प्रशासन ने सभी पेंशनधारी लाभुकों से अपने बैंक खातों की जांच करने की अपील की है। यदि किसी लाभुक के खाते में अक्टूबर माह की पेंशन राशि नहीं पहुंची है, तो वे संबंधित प्रखंड कार्यालय अथवा जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग से संपर्क कर सकते हैं।


