Sahibganj News : JTET-2026 में 86% अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा, 22 केंद्रों पर शांतिपूर्ण संपन्न हुई परीक्षा

साहिबगंज में JTET-2026 की परीक्षा के दौरान केंद्र पर पहुंचे अभ्यर्थी।

साहिबगंज : झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक), रांची की ओर से आयोजित झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET)-2026 रविवार, 1 नवंबर को साहिबगंज जिले के 22 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। जिले में कुल 11,385 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 9,808 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया। इस प्रकार कुल उपस्थिति लगभग 86 प्रतिशत रही, जबकि 1,577 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

दो पालियों में आयोजित हुई परीक्षा

परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। प्रथम पाली में 8,512 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 7,202 उपस्थित रहे, जबकि 1,310 अनुपस्थित रहे। वहीं, द्वितीय पाली में 2,873 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 2,606 ने परीक्षा दी और 267 अनुपस्थित रहे।

परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए जिला प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर 44 स्टैटिक दंडाधिकारी, 12 गश्ती दंडाधिकारी, तीन उड़नदस्ता दल और पर्याप्त पुलिस बल तैनात किए गए थे। जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे ने स्वयं विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

संत जोसेफ अकादमी में सर्वाधिक उपस्थिति

प्रथम पाली में संत जोसेफ अकादमी में सबसे अधिक उपस्थिति दर्ज की गई। यहां 180 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 179 ने परीक्षा दी। साहिबगंज कॉलेज में 612 में से 585, संध्या इंटर कॉलेज में 480 में से 462 और तीनपहाड़ उच्च विद्यालय में 500 में से 475 अभ्यर्थी उपस्थित रहे।

वहीं, संत जेवियर्स अंग्रेजी माध्यम केंद्र में सबसे अधिक 219 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। यहां 790 अभ्यर्थियों में से 571 ने परीक्षा दी।

द्वितीय पाली में साहिबगंज कॉलेज में 207 में से 198, संध्या इंटर कॉलेज में 163 में से 156 और तीनपहाड़ उच्च विद्यालय में 169 में से 162 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।

उपायुक्त ने दी बधाई

परीक्षा के सफल आयोजन पर उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने सभी केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों, पुलिस बल और परीक्षा से जुड़े कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से जिले में जे-टेट परीक्षा का आयोजन व्यवस्थित, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सका।

लेखक के बारे में

By Samridh Desk

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More