Sahibganj News : गम्हरिया थाना कांड के विरोध में भाजपा का हल्ला बोल, 17 मंडलों में सीएम हेमंत सोरेन का फूंका पुतला

साहिबगंज : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में न्याय मांगने पहुंची महिला के साथ कथित दुष्कर्म की घटना के विरोध में भाजपा ने साहिबगंज में राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष गौतम कुमार यादव के नेतृत्व में रविवार शाम जिले के सभी 17 सांगठनिक मंडलों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की।
महिलाओं की सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने, आरोपियों को फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से कड़ी सजा दिलाने और पीड़िता को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।
मौके पर जिलाध्यक्ष गौतम कुमार यादव ने कहा कि झारखंड में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक हो गई है। जिस थाना परिसर में महिलाओं को सुरक्षा और न्याय मिलना चाहिए, वहीं इस तरह की घटना सामने आना पुलिस प्रशासन और सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में महिलाएं और बेटियां खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य महिला आयोग का वर्षों से गठन नहीं होना भी सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करता है। महिला आयोग नहीं होने के कारण महिलाओं को अपनी शिकायतों और समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी मंच नहीं मिल पा रहा है। भाजपा इस अन्याय के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
महिला आयोग के गठन की उठी मांग
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामानंद साह ने कहा कि राज्य सरकार पीड़िता को सुरक्षा और न्याय उपलब्ध कराए। साथ ही पुलिस की जवाबदेही तय करते हुए झारखंड राज्य महिला आयोग का अविलंब गठन किया जाए, ताकि महिलाओं को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी मंच मिल सके। उन्होंने कहा कि महिलाओं की अस्मिता और सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जा सकता।
मुख्यालय में बड़ी संख्या में शामिल हुए कार्यकर्ता
साहिबगंज मुख्यालय में नगर अध्यक्ष विनोद चौधरी और अनुराग राहुल के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया गया। इसमें गरिमा साह, चांदनी देवी, प्रेमलाल मंडल, राजीव चौधरी, अनंत सिन्हा, विक्रम दास, संतोष चौधरी, अमरनाथ चौधरी, पंकज चौधरी, अवधेश यादव, अर्धेंदु बोस, मनोज चौधरी, रंजीत सिंह, मुकेश राज, विकास सिंह, अमरनाथ मिश्रा, अरविंद सिन्हा, दिनेश पांडेय, शुभम चौरसिया, श्वेता श्रीवास्तव, संगीता सिन्हा, अन्नू कुमारी और स्मिता गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।


