रक्षाबंधन पर मायके नहीं जा सकी नवविवाहिता, कोडरमा में 20 वर्षीय महिला ने की आत्महत्या

कोडरमा। जिले के मरकच्चो थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बहादुरपुर में गुरुवार की शाम 20 वर्षीय नवविवाहिता ने फंदे से लटक कर खुदकुशी कर ली। मृतका की पहचान बहादुरपुर निवासी विवेक यादव की 20 वर्षीय पत्नी गुंजा देवी के रूप में की गई है। मिली जानकारी के अनुसार मृतका के मायके बुढ़ियाबाद से गुरुवार को उसके चाचा सुरेंद्र यादव एवं उसकी बहन उससे मिलने बहादुरपुर आए थे। दोनों खाना खाने के बाद दोपहर में वापस अपने गांव बुढ़ियाबाद चले गए।
ग्रामीणों के अनुसार गुंजा देवी रक्षाबंधन के अवसर पर मायके जाना चाहती थी। आशंका जताई जा रही है कि मायके वाले उसे अपने साथ नहीं ले गए, जिसके बाद वह नाराज होकर अपने कमरे में चली गई और फंदे से झूलकर खुदकुशी कर ली।
हालांकि, खुदकुशी के वास्तविक कारणों की पुलिस जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही मरकच्चो थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है।


