Giridih News: झारखंडधाम में अंतिम सोमवारी पर उमड़ा आस्था का सैलाब, 80 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलार्पण

सावन की चौथी और अंतिम सोमवारी पर गिरिडीह के जमुआ स्थित झारखंडधाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। 80 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ पर जलार्पण किया। रात दो बजे से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी और ढाई बजे पट खुलते ही हर-हर महादेव के जयकारों के बीच जलार्पण शुरू हुआ। भारी भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस और प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी। झारखंडधाम के दोनों प्रवेश मार्गों पर करीब आधा किलोमीटर तक जाम लगा रहा। इस दौरान अधिकारियों ने बेहतर भीड़ प्रबंधन और स्थायी प्रशासनिक व्यवस्था की जरूरत पर जोर दिया।
गिरिडीह: सावन की चौथी व अंतिम सोमवारी को झारखंडधाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। करीब 80 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ पर जलार्पण कर बड़ा रिकॉर्ड बनाया। रात दो बजे से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी।
 
ढाई बजे मंदिर का पट खुलते ही हर-हर महादेव के जयकारों के बीच जलार्पण शुरू हुआ। बढ़ती भीड़ के कारण पुलिस को व्यवस्था संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। मुख्य मंदिर के गर्भगृह में आधा दर्जन जवान तैनात थे, जबकि दो प्रवेश द्वार और एक निकास द्वार पर तीन-तीन पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। पार्वती मंदिर में भी लंबी कतार लगी रही। हीरोडीह थाना प्रभारी महेश चंद्रा पुलिस बल के साथ व्यवस्था संभालते रहे।
 
पुलिस इंस्पेक्टर, जमुआ, प्रदीप दास पूरे परिसर की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे थे। उन्होंने भीड़ के दबाव को देखते हुए व्यवस्था पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि झारखंडधाम में बढ़ती भीड़ के मद्देनजर व्यवस्था में आमूलचूल बदलाव की जरूरत है। उन्होंने मंदिर कमेटी को प्रखंडस्तरीय बनाने की जरूरत बताई, ताकि समिति के सदस्य मेले और विशेष आयोजनों में समय देकर सेवा एवं व्यवस्था का मोर्चा संभाल सकें।
 
बीडीओ अमल कुमार, बीपीओ बबीता कुमारी, सीआई प्रशांत चांद और जेई शशांक को मजिस्ट्रेट के रूप में विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया। विभागीय कर्मियों की मदद से अधिकारियों ने व्यवस्था संभाली।
लेखक के बारे में

By Anshika Ambasta

Anshika Ambasta covers local stories, trending topics, and news from the Jharkhand and Bihar desk at Samridh Jharkhand. With a focus on timely updates and impactful storytelling, she brings readers accurate and engaging news coverage. Passionate about journalism, she is…

Read More