समृद्ध झारखंड ने उठाया मुद्दा, बरहरवा स्टेशन के प्लेटफॉर्म विस्तार को मिली मंजूरी
-1024x614.png)
साहिबगंज। बरहरवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 के विस्तार की मांग आखिरकार मंजूर हो गई है। प्लेटफॉर्म की लंबाई कम होने के कारण यात्रियों को लंबे समय से हो रही परेशानी के बीच अब रेलवे की ओर से इसके विस्तार को लेकर सकारात्मक पहल की गई है। डीआरएम कार्यालय की ओर से भी प्लेटफॉर्म के विस्तार को मंजूरी दिए जाने की पुष्टि की गई है।
बरहरवा रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म संख्या-1 की लंबाई कम होने के कारण लंबी दूरी की ट्रेनों के कई कोच प्लेटफॉर्म से बाहर रुकते हैं। इससे खासकर दिव्यांग, महिला और बुजुर्ग यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने और उतरने में काफी परेशानी होती है। कई बार यात्रियों को असुविधा के साथ-साथ दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
समृद्ध झारखंड ने लगातार उठाया था यात्रियों का मुद्दा
बरहरवा स्टेशन की इस गंभीर समस्या को समृद्ध झारखंड ने प्रमुखता से उठाया था। प्लेटफॉर्म संख्या-1 की लंबाई बढ़ाने की मांग को लेकर लगातार खबरें प्रकाशित कर रेलवे प्रशासन और संबंधित अधिकारियों का ध्यान इस समस्या की ओर आकृष्ट कराया गया।
समृद्ध झारखंड की रिपोर्ट में यात्रियों की परेशानी को सामने रखते हुए बताया गया था कि फरक्का एक्सप्रेस, मालदा-नई दिल्ली/आनंद विहार एक्सप्रेस और अन्य लंबी दूरी की ट्रेनों के कई कोच प्लेटफॉर्म से बाहर रह जाते हैं। सबसे अधिक परेशानी दिव्यांग यात्रियों, महिलाओं और बुजुर्गों को होती है।
डीआरएम कार्यालय ने की मंजूरी की पुष्टि
समृद्ध झारखंड द्वारा उठाए गए इस मुद्दे के बाद अब डीआरएम कार्यालय की ओर से प्लेटफॉर्म संख्या-1 के विस्तार की मंजूरी की पुष्टि की गई है। इससे बरहरवा स्टेशन से यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को भविष्य में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
प्लेटफॉर्म विस्तार होने के बाद लंबी दूरी की ट्रेनों के सभी कोच प्लेटफॉर्म पर आने की संभावना बढ़ेगी। इससे यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने-उतरने के दौरान होने वाली परेशानी कम होगी और सुरक्षा व्यवस्था भी बेहतर होगी।
यात्रियों की पुरानी मांग हुई पूरी
स्थानीय यात्रियों का कहना है कि प्लेटफॉर्म विस्तार की मांग लंबे समय से की जा रही थी। लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव के दौरान कई कोच प्लेटफॉर्म से बाहर रह जाने के कारण यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए असुरक्षित तरीके से आगे बढ़ना पड़ता था। अब विस्तार को मंजूरी मिलने से यात्रियों को राहत की उम्मीद जगी है।
बरहरवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 के विस्तार की मंजूरी को क्षेत्र के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। खास बात यह है कि इस समस्या को लगातार प्रमुखता से उठाने के बाद अब रेलवे की ओर से इसके समाधान की दिशा में कदम बढ़ाया गया है।


