Hazaribagh News: ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजा चम्पानगर नावाडीह, उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

हजारीबाग: प्रखंड के चम्पानगर नावाडीह मे सावन के तीसरे सोमवार के पावन अवसर पर चम्पानगर नावाडीह स्थित प्राचीन शिव मंदिर में सोमवार को भव्य जल यात्रा का आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था और भक्ति से ओत-प्रोत इस आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीण माताओं-बहनों सहित श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। जल यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र भगवान भोलेनाथ के जयघोष से भक्तिमय हो उठा।
जल यात्रा की शुरुआत प्राचीन शिवालय से विधिवत पूजा-अर्चना के बाद हुई। श्रद्धालु महिलाएं एवं ग्रामीण अपने सिर पर कलश लेकर ‘बोल बम-बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे लगाते हुए हसमदागा स्थित जलप्रपात की ओर रवाना हुए। वहां से पवित्र जल कलश में भरकर श्रद्धालु पुनः शिवालय पहुंचे और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
शिवालय पहुंचने के बाद विधि-विधान से भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर परिवार, समाज एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि तथा शांति की कामना की। जल यात्रा में महिलाओं की विशेष भागीदारी रही और उन्होंने पूरे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ धार्मिक अनुष्ठान में हिस्सा लिया।
आयोजन को सफल बनाने में संजय उपाध्याय, भास्कर उपाध्याय, मारकंडे उपाध्याय, रंजीत उपाध्याय, संतोष यादव, सुधीर यादव, राजकुमार यादव सहित समस्त ग्रामीणों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। ग्रामीणों ने बताया कि सावन के पवित्र महीने में भगवान शिव को जल अर्पित करने की परंपरा क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही है। इस तरह के धार्मिक आयोजनों से ग्रामीणों में आपसी एकता, भाईचारा और धार्मिक भावना मजबूत होती है।
जल यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने पूरे मार्ग में भगवान शिव के जयकारे लगाए, जिससे चम्पानगर नावाडीह से लेकर शिवालय तक का वातावरण पूरी तरह शिवमय बना रहा। आयोजन के समापन पर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।


