Shravani Mela 2026: बाबा बैद्यनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, 14 दिन में 28.33 लाख श्रद्धालुओं ने किया जलार्पण

देवघर: राजकीय श्रावणी मेला 2026 के सफल संचालन और अब तक की व्यवस्थाओं को लेकर गुरुवार को आर.एल. सर्राफ स्थित अस्थायी मीडिया सेंटर में उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर की संयुक्त अध्यक्षता में साप्ताहिक प्रेसवार्ता आयोजित की गई। इस दौरान प्रशासन ने मेले से जुड़े विभिन्न आंकड़े और उपलब्धियां साझा कीं।
उपायुक्त ने बताया कि 30 जुलाई से 11 अगस्त तक श्रावणी मेले के 14 दिनों में कुल 28,33,634 श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ पर जलार्पण किया। इनमें शीघ्र दर्शनम् कूपन के माध्यम से दर्शन करने वाले 92,134 श्रद्धालु भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इस अवधि में बाबा मंदिर को विभिन्न स्रोतों से कुल 3,54,59,011 रुपये की आय प्राप्त हुई, जबकि शीघ्र दर्शनम् कूपन से 2,91,19,680 रुपये की आय हुई।
मेले की सुरक्षा व्यवस्था के तहत 597 मजिस्ट्रेट एवं पदाधिकारियों के साथ 6,763 पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अलावा चार पुलिस अधीक्षक, तीन सीआरपीएफ कंपनियां तथा एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी तैनात हैं। मेला क्षेत्र की निगरानी के लिए 925 सीसीटीवी, 225 एआई कैमरे और पांच ड्रोन कैमरे कार्यरत हैं।
स्वास्थ्य सुविधाओं के तहत 35 अस्थायी स्वास्थ्य केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जहां अब तक 98,436 श्रद्धालुओं का उपचार किया गया है। वहीं 111 चिकित्सक, 470 पैरामेडिकल कर्मी, 40 एंबुलेंस और छह चिकित्सा जीपें तैनात हैं। सूचना केंद्रों के माध्यम से 49,257 खोया-पाया मामलों का पंजीकरण किया गया, जिनमें 34,561 श्रद्धालुओं को उनके परिजनों से मिलाया गया।
उपायुक्त ने कहा कि श्रावण माह की शेष दो सोमवारी में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन और पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य कर रहे हैं तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं। वहीं पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने बताया कि सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के लिए 21 अस्थायी ओपी, 13 यातायात ओपी, एटीएस, रैफ, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और क्यूआरटी टीमों को तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर से कई मोबाइल बरामद किए गए हैं तथा कुछ पॉकेटमारों को भी गिरफ्तार किया गया है।


