Sahebganj News: महाविद्यालय में ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के सहयोग से नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

साहिबगंज: ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय एवं साहिबगंज महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में साहिबगंज महाविद्यालय के नंदन भवन में “नशा मुक्ति” को लेकर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने की।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को मादक पदार्थों के सेवन से दूर रखना और उन्हें नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना था। साथ ही वर्ष 2047 तक विकसित, स्वस्थ और सशक्त भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर भी चर्चा की गई।
प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों के बीच नशे के बुरे प्रभावों के खिलाफ व्यापक स्तर पर जनजागरूकता फैलाकर ही नशा मुक्ति अभियान को सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि साहिबगंज महाविद्यालय युवाओं को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से मजबूत और आत्मविश्वासी बनाने के लिए कृतसंकल्पित है।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की जिला प्रमुख बीके बरखा अपने सहयोगियों के साथ उपस्थित थीं। उन्होंने युवाओं को ध्यान, सकारात्मक सोच और राजयोग के माध्यम से तनाव और नशे की प्रवृत्ति से बचने के उपाय बताए।
इस अवसर पर महाविद्यालय के मैथिली विभागाध्यक्ष डॉ. ध्रुव ज्योति कुमार सिंह, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. कुमार प्रशांत भारती, डॉ. प्रिया सिंह, डॉ. अनु सुमन बाड़ा, प्रो. प्रदीप कुजुर सहित कई शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं ने नशा नहीं करने और समाज में नशा मुक्ति का संदेश फैलाने का संकल्प लिया।


