Sahibganj News: कृषि बीमा कंपनी के बोर्ड में डायरेक्टर बने भाजपा नेता गणेश प्रसाद तिवारी

साहिबगंज: भारत सरकार द्वारा कृषि बीमा कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड के बोर्ड में भाजपा के वरीय नेता गणेश प्रसाद तिवारी को नॉन-ऑफिशियल डायरेक्टर के रूप में नियुक्त किया गया है। नियुक्ति की सूचना मिलने पर गणेश प्रसाद तिवारी ने भारत सरकार और पार्टी नेतृत्व का हृदय से आभार व्यक्त किया। नियुक्ति पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए तिवारी ने कहा कि यह दायित्व उनके लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि विश्वास, जिम्मेदारी और जनसेवा का अवसर है।
उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण भूमिका में किसानों के हितों, कृषि क्षेत्र की मजबूती तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का प्रयास करूंगा। गणेश प्रसाद तिवारी ने इस विश्वास और जिम्मेदारी के लिए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व, प्रदेश नेतृत्व एवं सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों का भी हार्दिक आभार जताया।
उल्लेखनीय है कि कृषि बीमा कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड केंद्र सरकार के स्वामित्व वाली प्रमुख बीमा कंपनी है जो देशभर के किसानों को फसल बीमा और अन्य कृषि संबंधित बीमा सेवाएं उपलब्ध कराती है।
इसका मुख्यालय नई दिल्ली में है। यह प्राकृतिक आपदाओं, कीटों या मौसम की खराबी से फसल खराब होने पर किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती है। बोर्ड में नॉन-ऑफिशियल डायरेक्टर के रूप में तिवारी की नियुक्ति से झारखंड के किसानों की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने में मदद मिलेगी।


