Deoghar News: मारवाड़ी युवा मंच के 36वें श्रावणी सेवा शिविर में निरंतर सेवा, 50 वर्षों की गौरवशाली परंपरा के स्वर्णिम पड़ाव का उत्सव

देवघर: मारवाड़ी युवा मंच, देवघर शाखा द्वारा संचालित 36वें श्रावणी सेवा शिविर में कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की सेवा का कार्य निरंतर जारी है। पिछले 50 वर्षों से चली आ रही श्रावणी सेवा की गौरवशाली परंपरा इस वर्ष अपने स्वर्णिम पड़ाव पर पहुंच गई है। इसी कड़ी में खिजुरिया स्थित सेवा शिविर में श्रावण मास के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
शिविर में बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के लिए भोजन (लंगर), शुद्ध पेयजल, चिकित्सा सहायता, विश्राम, चाय, प्रसाद, गर्म पानी, फल और जूस सहित अनेक आवश्यक सेवाओं की व्यवस्था की गई है। सेवा कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए मंच के सदस्य और कार्यकर्ता दिन-रात सक्रिय रहकर अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।
मीडिया प्रभारी प्रिंस सिंघल ने बताया कि शिविर के माध्यम से अब तक बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और कांवड़ियों को विभिन्न सेवाओं का लाभ मिल चुका है। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में भी यह सेवा अभियान इसी समर्पण और उत्साह के साथ जारी रहेगा। उनके अनुसार पांच दशकों से चली आ रही यह सेवा परंपरा संस्था के लिए गर्व का विषय है और प्रत्येक सदस्य श्रद्धालुओं की सेवा को बाबा बैद्यनाथ की सेवा मानकर कार्य कर रहा है।
सेवा शिविर के सफल संचालन में अध्यक्ष साकेत छावछारिया, सचिव सर्वेश मोदी, कोषाध्यक्ष सत्यम बजला तथा शिविर संयोजक अमित छावछरिया, रोहित सुल्तानिया, अर्पित मोदी, ऋषभ अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, ऋषभ केड़िया, निहित टमकोरिया और अमरजीत शर्मा सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
इसके अलावा पूर्व अध्यक्ष अनुज धनुका, अभिषेक सिंघानिया, अभिषेक अग्रवाल, आलोक अग्रवाल, विवेक अग्रवाल, प्रत्युष सुल्तानिया, हरीश तोलासारिया, मनोज नेवर और संजय चौधरी सहित शाखा के सभी सदस्यों का भी महत्वपूर्ण सहयोग मिल रहा है। संस्था ने समाज के लोगों से इस सेवा अभियान से जुड़कर श्रद्धालुओं की सेवा में योगदान देने की अपील की है।


