“सिस्टम” को ‘चार्ज’ करने के बजाय, छात्रों पर ‘लाठीचार्ज’ कर रही हेमंत सरकार: भाजपा

रांची में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर भाजपा ने हेमंत सरकार पर तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता बिजय चौरसिया ने पुलिस कार्रवाई को दुर्भाग्यपूर्ण, कायरतापूर्ण और निंदनीय बताते हुए दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की

गिरिडीह। झारखंड की राजधानी रांची में JPSC और JSSC परीक्षाओं में हुई धांधली के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे निहत्थे छात्रों पर रात के अंधेरे में पुलिस द्वारा किया गया लाठीचार्ज बेहद दुर्भाग्यपूर्ण, कायरतापूर्ण और निंदनीय है। भारतीय जनता पार्टी इस बर्बर पुलिसिया कार्रवाई की कड़े शब्दों में भर्त्सना करती है।

पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता बिजय चौरसिया ने राज्य सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि, “हेमंत सरकार अपने भ्रष्ट सिस्टम को चार्ज करने के बजाय, शांतिपूर्ण तरीके से अपना हक मांग रहे मासूम बच्चों पर लाठीचार्ज करवा रही है।” उन्होंने कहा कि एक लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपने अधिकारों के लिए लड़ रहे युवाओं और छात्रों पर इस तरह की बर्बरतापूर्ण कार्रवाई पूरी तरह अस्वीकार्य है।

चौरसिया ने अपने बयान में कहा कि जो युवा पिछले कई दिनों से चिलचिलाती धूप और भारी बारिश के बीच पूरी मर्यादा के साथ अपना आंदोलन चला रहे थे, उन पर रात के अंधेरे में कायरों की तरह बल प्रयोग करना यह दर्शाता है कि सरकार पूरी तरह से डरी हुई है। संवाद से समाधान निकालने के बजाय, लाठी और डंडे के जोर पर युवाओं की आवाज को कुचलने का यह तानाशाही रवैया झारखंड के इतिहास में एक काला अध्याय है।

उन्होंने कहा, “जिन हाथों में कलम और नियुक्ति पत्र होना चाहिए था, आज उन पर लाठियां चटकाई जा रही हैं। यह सरकार की संवेदनहीनता और नाकामी की चरम सीमा है। सरकार अपनी विफलताओं और परीक्षा माफियाओं को बचाने के लिए राज्य के भविष्य को लहूलुहान कर रही है।”

भाजपा प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी सड़क से लेकर सदन तक राज्य के युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से अविलंब छात्रों की जायज मांगों को बिना शर्त मानने और लाठीचार्ज के दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

अंत में चौरसिया ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने अपना यह दमनकारी रवैया नहीं बदला, तो राज्य का युवा और जनता इस अहंकारी सरकार को जड़ से उखाड़ फेंकने का काम करेगी।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More