Crime News: लावालोंग में नक्सली मनोहर गंझु के सहयोगी कुलदीप गंझु गिरफ्तार, भेजा गया जेल

चतरा: लावालोंग थाना पुलिस ने नक्सली गतिविधियों से जुड़े एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी के सहयोगी कुलदीप गंझु को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला लावालोंग थाना कांड संख्या 63/2022, दिनांक 18 नवंबर 2022 से संबंधित है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ धारा 17(i)(ii) CLA एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार कुलदीप गंझु का वर्ष 2023 में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए नक्सली अमर सिंह भोक्ता से करीबी संबंध था। पुलिस का दावा है कि अमर सिंह भोक्ता से दोस्ती के कारण कुलदीप का दोबारा नक्सली मनोहर गंझु से संपर्क हुआ और वह उसके लिए सहयोग करने लगा।
मनोहर गंझु को खाने-पीने की सामग्री पहुंचाने का आरोप
पुलिस के अनुसार, कुलदीप गंझु मनोहर गंझु को खाने-पीने सहित अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने में सहयोग करता था। पुलिस का यह भी दावा है कि नक्सली के संपर्क में रहने के कारण क्षेत्र में उसका प्रभाव बना हुआ था।
पुलिस के मुताबिक, कुलदीप कथित तौर पर ठेकेदारों और मनोहर गंझु के बीच लेवी के लेन-देन के निपटारे में भी भूमिका निभाता था। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पूर्व में NDPS से जुड़े मामलों में भी जेल जा चुका है।
सिल्दाग गांव से हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुलदीप गंझु, पिता मुकुंद गंझु, निवासी सिल्दाग, थाना लावालोंग, जिला चतरा के रूप में हुई है। गिरफ्तारी की कार्रवाई लावालोंग थाना पुलिस की टीम ने की।
पुलिस के अनुसार, इलाके में नक्सली गतिविधियों को सहयोग या पनाह देने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नक्सलियों और उन्हें पनाह या सहयोग देने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा


