झारखंड पुलिस के जवान शशांक पाण्डेय के निधन से रेड़मा में शोक, जवानों ने दी अंतिम सलामी
_samridh_1200x720-1024x614.jpeg)
पलामू: झारखंड पुलिस के लातेहार जिला बल में कार्यरत शशांक पाण्डेय के निधन से मेदिनीनगर के रेड़मा स्थित परशुराम नगर में शोक की लहर है। शशांक पिछले कई माह से बीमारी से जूझ रहे थे। इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। निधन की खबर मिलते ही परिजनों, मित्रों, सहकर्मियों और शुभचिंतकों में मायूसी छा गई।
शशांक पाण्डेय के पार्थिव शरीर को उनके आवास लाया गया, जहां जिला बल के जवानों ने झारखंड पुलिस की ओर से सलामी देकर श्रद्धांजलि अर्पित की। पुलिस जवानों की अंतिम सलामी के दौरान माहौल गमगीन हो गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और उनके मित्र अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे और नम आंखों से श्रद्धांजलि दी।
परिचितों के अनुसार, शशांक पाण्डेय मिलनसार, मस्तमौला और लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े रहने वाले व्यक्ति थे। उनके व्यवहार के कारण मित्रों और आसपास के लोगों के बीच उनकी अलग पहचान थी। उनके असमय निधन से दोस्तों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उनका जाना परिवार के साथ-साथ उनके मित्रों और परिचितों के लिए भी बड़ी क्षति है।
शशांक अपने पीछे माता-पिता, पत्नी और छोटे भाई सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अंतिम विदाई के दौरान माहौल बेहद भावुक रहा।
बाद में मेदिनीनगर के पंपूकल घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां परिजनों, मित्रों और शुभचिंतकों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। उनके निधन से पुलिस विभाग के साथ-साथ रेड़मा क्षेत्र में भी शोक व्याप्त है।


