Deoghar News: देवघर में मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण को लेकर बैठक, 8-9 अगस्त को सभी बूथों पर विशेष शिविर

देवघर में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में मतदाता सूची को त्रुटिरहित, समावेशी और अद्यतन बनाने के लिए अभियान के विभिन्न चरणों की जानकारी दी गई। 8 और 9 अगस्त को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित होंगे।

देवघर: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची को त्रुटिरहित, समावेशी एवं अद्यतन बनाने के लिए विभिन्न चरणों में चलाए जाने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई।

उपायुक्त ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 05 अगस्त को मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन किया जा चुका है। नए मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा एक परिवार के सभी सदस्यों का नाम एक ही मतदान केंद्र पर स्थानांतरित कराने की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 08 और 09 अगस्त को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इसके बाद दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू होगी। मतदाताओं की सुविधा के लिए 15 अगस्त को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर ग्राम सभा आयोजित की जाएगी, जहां मतदाता अपने नाम, पता या अन्य विवरणों में सुधार से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और आवश्यक आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने के लिए 22 और 23 अगस्त को सभी मतदान केंद्रों पर द्वितीय विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा 25 अगस्त से 04 सितंबर तक ‘होम टू रोल वेरिफिकेशन’ अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करेंगे। साथ ही 04 सितंबर तक प्रत्येक परिवार के घर पर ‘फैमिली टुगेदर’ स्टीकर भी चिपकाया जाएगा।

बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी विशेष अभियान, दावा-आपत्ति प्रक्रिया तथा ग्राम सभा के सफल आयोजन में सहयोग करने की अपील की गई। उपायुक्त ने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे, इसके लिए सभी संबंधित पक्षों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी सागरी बराल, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

लेखक के बारे में

By Suman Kumari

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More