Giridih News: नशा मुक्त भारत अभियान के तहत सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

गिरिडीह: सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा में शुक्रवार को प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के तत्वावधान में “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत विशेष वंदना सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित और चरित्रवान जीवन जीने के लिए प्रेरित करना था।
सभा को संबोधित करते हुए ब्रह्माकुमारी संस्था की मंजीत कौर ने विद्यार्थियों को मोबाइल के अत्यधिक उपयोग के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मोबाइल का गलत और अत्यधिक उपयोग समय की बर्बादी, पढ़ाई में एकाग्रता की कमी तथा मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है।
उन्होंने नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों पर भी प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने नशामुक्त जीवन जीने का सामूहिक संकल्प भी लिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य आनंद कमल ने कहा कि आज का युवा ही देश का भविष्य है। यदि युवा नशामुक्त, संस्कारवान और अनुशासित होगा, तभी राष्ट्र का सर्वांगीण विकास संभव है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम बच्चों में सकारात्मक सोच और नैतिक मूल्यों का विकास करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। सभी ने कार्यक्रम को गंभीरता से सुना और नशामुक्त एवं स्वस्थ जीवन अपनाने का संकल्प लिया। प्रेरणादायक एवं अनुशासित वातावरण में कार्यक्रम का समापन हुआ।


