Palamu News: अंधविश्वास में युवक की हत्या, उँटारी रोड पुलिस ने 5 आरोपियों को दबोचा
-1024x614.jpeg)
पलामू: उँटारी रोड थाना क्षेत्र के ग्राम मुरमा कला (टोला लकड़ही) में अंधविश्वास के फेर में पड़कर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ओझा-गुणी (भगत) के बहकावे में आकर पड़ोसियों ने डायन-भूत का आरोप लगाते हुए एक ही परिवार पर घातक हथियारों से हमला बोल दिया, जिसमें चनका रजवार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए उँटारी रोड थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत 5 नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
बेटी की मौत के बाद भगत ने भड़काया विवाद
पुलिस अनुसंधान में सामने आया कि आरोपी प्रभु रजवार (48 वर्ष) की 8 वर्षीय पुत्री की बीते 2 अगस्त को मृत्यु हो गई थी। बच्ची की मौत के बाद प्रभु रजवार झाड़-फूंक कराने एक भगत के पास गया। भगत ने उसे भ्रमित करते हुए कहा कि उसकी पड़ोसी ललिता देवी और मृतक चनका रजवार की पत्नी दुर्गा देवी ने डायन-भूत लगाकर उसकी बेटी की जान ली है। इस बात से आक्रोशित होकर प्रभु रजवार अपने पड़ोसियों के पास पहुंचा और गाली-गलौज व मारपीट करने लगा।
टांगी, फरसा और लाठियों से बोला हमला
विवाद बढ़ने पर प्रभु रजवार और उसके परिजनों ने टांगी, फरसा और लाठी-डंडों से लैस होकर चनका रजवार के परिवार पर अचानक हमला कर दिया। हमले में चनका रजवार गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना में परिवार के अन्य सदस्य भी चोटिल हुए हैं।
कांड दर्ज, पुलिस ने 5 आरोपियों को किया सलाखों के पीछे
घटना के संबंध में नन्दु रजवार के बयान पर उँटारी रोड थाने में कांड संख्या-43/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 190, 191(2), 191(3), 118(1), 118(2), 109, 103(1) तथा 3/4 डायन प्रथा प्रतिषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। उँटारी रोड थाना प्रभारी संतोष गिरि के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी कर घटना में शामिल पांचों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की सूची:
प्रभु रजवार (पिता- सीताराम रजवार)
झुबली देवी (पति- प्रभु रजवार)
गुड्डन रजवार (पिता- शम्भु रजवार)
विमलेश रजवार (पिता- प्रभु रजवार)
सीताराम रजवार (पिता- स्व० केसर रजवार)
(सभी निवासी- ग्राम मुरमा कला, टोला लकड़ही, थाना उँटारी रोड, पलामू)
हथियार व डंडे बरामद
छापेमारी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में इस्तेमाल की गई खून से सनी टांगी और बांस की लाठी को विधिवत जब्त कर लिया है। छापेमारी दल में पांडू अंचल के पुलिस निरीक्षक, उँटारी रोड थाना प्रभारी पु.अ.नि. संतोष गिरि, पु.अ.नि. राजवर्धन एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की अग्रिम कार्रवाई कर रही है।


