Dumka News: स्वास्थ्य टीम ने घर-घर जाकर किया सर्वे, जांच रिपोर्ट निगेटिव आने से राहत

मसलिया के निझोर गांव में स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए गए मलेरिया मास सर्वे के तहत 34 लोगों की आरडीके जांच की गई, जिसमें सभी की रिपोर्ट निगेटिव पाई गई। इसके बाद उत्क्रमित मध्य विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों को संक्रामक बीमारियों से बचाव के उपाय बताए गए।

मसलिया: निझोर गांव में गुरुवार को मलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत मलेरिया मास सर्वे कार्यक्रम चलाया गया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घर-घर पहुंचकर लोगों की जांच की। सर्वे के दौरान कुल 34 लोगों का आरडीके (रैपिड डायग्नोस्टिक किट) परीक्षण एवं रक्त पट (ब्लड स्लाइड) संग्रह किया गया। यह कार्य वीबीडी सुपरवाइजर जादव चंद्र झा एवं एमपीडब्ल्यू लतीफ अंसारी द्वारा किया गया। 

जांच के बाद सभी 34 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव पाई गई, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों को मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने, घर के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा बुखार होने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की सलाह दी। सर्वे के उपरांत उत्क्रमित मध्य विद्यालय निझोर में विद्यालय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को वेक्टर जनित बीमारियों जैसे मलेरिया, कालाजार, डेंगू एवं अन्य संक्रामक रोगों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। 

बच्चों को बताया गया कि इन बीमारियों से बचाव के लिए मच्छरदानी का नियमित उपयोग करें, घर एवं आसपास पानी जमा न होने दें तथा तेज बुखार या अन्य लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बच्चों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इन बीमारियों की रोकथाम के प्रति जागरूक करें। ग्रामीणों ने भी स्वास्थ्य विभाग के इस अभियान की सराहना करते हुए इसे जनहित में महत्वपूर्ण पहल बताया।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More