Hazaribagh News: उपायुक्त हेमंत सती ने ली डीएमएफटी योजनाओं की समीक्षा बैठक, दिए कड़े निर्देश

हजारीबाग: उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) मद अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक समाहरणालय सभागार में आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 के तहत स्वीकृत योजनाओं की अद्यतन प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की सभी अपूर्ण योजनाओं को हर हाल में 15 अगस्त तक पूर्ण करने का निर्देश संबंधित कार्यकारिणी एजेंसियों को दिया। वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 की स्वीकृत योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने का भी निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि जिन कार्यकारिणी एजेंसियों के कार्यों में गंभीरता एवं अपेक्षित प्रगति नहीं पाई जाएगी, उनके जिम्मे सौंपे गए कार्यों को तत्काल निरस्त कर अन्य सक्षम कार्यकारिणी एजेंसियों को हस्तांतरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि डीएमएफटी मद से स्वीकृत सभी योजनाओं का शत-प्रतिशत सदुपयोग सुनिश्चित करना संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिले में डीएमएफटी मद की जितनी भी योजनाएं अपूर्ण अथवा लंबित हैं, उन सभी की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए सतत फॉलो-अप किया जाए तथा उनकी प्रगति प्रतिवेदन समय-समय पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जिन संवेदकों द्वारा कार्य निष्पादन में लापरवाही अथवा ढुलमुल रवैया अपनाया जाएगा, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें काली सूची (ब्लैकलिस्ट) में डालने की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।
बैठक में उप विकास आयुक्त रिया सिंह, आईएएस पूर्वा अग्रवाल, जिला खनन पदाधिकारी अजीत कुमार, जिला योजना पदाधिकारी पंकज कुमार तिवारी, सभी कार्यपालक अभियंता एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।


