Sahibganj News: डॉ. रणजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में साहिबगंज कॉलेज को फिर अव्वल बनाने का संकल्प

साहिबगंज: झरना कॉलोनी स्थित संत टैरेसा एकेडमी के प्रांगण में आयोजित “गेट टुगेदर” कार्यक्रम में साहिबगंज महाविद्यालय के नवपदस्थापित प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह सहित शहर की 6 प्रमुख हस्तियों को सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्राचार्य वीरेन्द्र सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंटकर अतिथियों का स्वागत किया।
सम्मानित होने वालों में वरिष्ठ प्रबुद्धजन चंद्रेश्वर प्रसाद सिन्हा, प्रो. कमल महावर, प्रो. सुबोध कुमार झा, समाजसेवी प्रेमलाल मंडल एवं दैनिक हिन्दुस्तान के पत्रकार मिथिलेश कुमार सिंह शामिल थे। कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों की स्वागत प्रस्तुति से हुई। प्रो. सुबोध झा ने अपने ओजस्वी अंदाज में मंच संचालन के दौरान सभी अतिथियों का परिचय कराकर उनसे आशीर्वचन लिया।
इस अवसर पर चंद्रेश्वर प्रसाद सिन्हा ने कहा कि साहिबगंज महाविद्यालय का इतिहास गौरवशाली रहा है जो पिछले वर्षों में धूमिल हुआ। उन्होंने कहा कि मेरे पूर्वजों ने इस महाविद्यालय के लिए जमीन और सपने दिए। डॉ. रणजीत सिंह के आने के बाद अधूरे कार्य और सपने अब पूरे होंगे। समाजसेवी प्रेमलाल मंडल ने कहा कि प्राचार्य बस हरी झंडी दें, विकास में हम ‘जहां कमी वहां हम’ बनकर साथ रहेंगे। प्रोफेसर कमल महावर ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर महाविद्यालय के विकास के लिए राज्यपाल तक प्रतिनिधिमंडल ले जाया जाएगा।
नव प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने कहा कि मैंने यहां छात्र से शिक्षक तक का सफर तय किया है। महाविद्यालय के अनुशासन, कदाचार मुक्त माहौल और विरासत को करीब से जाना है। विश्वविद्यालय के विश्वास पर खरा उतरते हुए इसे हर दृष्टि से अव्वल बनाऊंगा। उन्होंने बताया कि पदभार संभालते ही जेसीबी से सफाई और वर्षों से बंद गेट संख्या-2 को खोला गया है।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य वीरेन्द्र सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी सम्मानित अतिथियों के प्रति विद्यालय प्रांगण में आने के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक व छात्र उपस्थित थे।


