Sahebganj News: सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में हुआ संकुल स्तरीय प्रश्न मंच प्रतियोगिता का आयोजन

साहिबगंज: राजमहल प्रखंड स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के प्रांगण में साहिबगंज संकुल स्तरीय प्रश्न मंच प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में संकुल के विभिन्न विद्यालयों से आए भैया-बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा एवं ज्ञान का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती माता, भारत माता एवं ॐ के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुई। इस अवसर पर साहिबगंज विद्यालय के प्रधानाचार्य सुनील पंडित, बोरियो विद्यालय के प्रधानाचार्य योगेश, राजमहल विद्यालय के प्रधानाचार्य मिथिलेश कुमार सिंह, विद्यालय के सचिव गगन बापू, सह-सचिव भूदेव सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों से वैदिक गणित, संस्कृत एवं विज्ञान से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे गए। भैया-बहनों ने उत्साह और आत्मविश्वास के साथ उत्तर देकर अपनी ज्ञान क्षमता, तर्कशक्ति एवं प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता को लेकर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में ज्ञान, तर्कशक्ति, प्रतियोगी भावना तथा भारतीय संस्कृति एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण के प्रति रुचि विकसित करना था। इस मंच के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने और विभिन्न विषयों में ज्ञान प्रदर्शन का अवसर मिला। प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को कप एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर विद्यार्थियों में खुशी और उत्साह का माहौल रहा।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि कार्यक्रम के सफल आयोजन में शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस आयोजन ने विद्यार्थियों के बीच ज्ञानवर्धक प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, गणितीय कौशल और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने का संदेश दिया।


